Trading Newsग्रेटर नोएडाग्रेटर नोएडा फेस 2ब्रेकिंग न्यूज़मेट्रो

Bodaki Metro Station News : 🚇 बोड़ाकी मेट्रो विस्तार को मिली मंजूरी!, ग्रेटर नोएडा के लाखों ग्रामीणों को मिला मेट्रो कनेक्टिविटी का तोहफा, केंद्र सरकार ने दी बहुप्रतीक्षित योजना को हरी झंडी, 2.6 किलोमीटर का होगा मेट्रो रूट, बनेंगे दो स्टेशन

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे।
ग्रेटर नोएडा के लाखों ग्रामीणों और शहरी निवासियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर आई है। लंबे इंतजार और कई दौर की योजना बैठकों के बाद आखिरकार बोड़ाकी तक मेट्रो रूट विस्तार योजना को केंद्र सरकार की मंजूरी मिल गई है। इस फैसले से ना सिर्फ बोड़ाकी क्षेत्र बल्कि पाली, पल्ला, रामगढ़, जुनपत, चिटहेरा और मकौड़ा जैसे ग्रामीण इलाकों के एक लाख से अधिक लोगों को मेट्रो सुविधा का लाभ मिलेगा, बल्कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से ग्रेटर नोएडा की कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।


2.6 किलोमीटर का होगा मेट्रो रूट, बनेंगे दो स्टेशन

इस परियोजना के अंतर्गत नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) 416.34 करोड़ रुपये की लागत से 2.6 किमी लंबा मेट्रो रूट तैयार करेगा।
इस ट्रैक पर दो नए स्टेशन बनाए जाएंगे। यह ट्रैक अल्फा-1 मेट्रो स्टेशन से मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब (MMTH) होते हुए बोड़ाकी तक जाएगा। इसके बाद आगे चलकर इसे जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने की योजना है।


मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब को भी मिलेगी नई रफ्तार

इस मेट्रो विस्तार के ज़रिए ग्रेटर नोएडा के मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब (MMTH) को बड़ी राहत मिलने जा रही है। अब वहां तक यात्रियों की सीधी और तेज पहुंच होगी, जिससे हब को पूरी तरह सक्रिय करने में मदद मिलेगी।
बोड़ाकी MMTH को एक रेल, बस, टैक्सी, मेट्रो जैसी सभी सेवाओं के एकीकृत केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। मेट्रो का सीधा संपर्क इस योजना की रीढ़ बनेगा।


चार से छह महीने में शुरू होगा काम, तीन साल में पूरी होगी परियोजना

NMRC के कार्यकारी निदेशक महेन्द्र प्रसाद ने जानकारी दी कि योजना को मूर्त रूप देने में अभी 4 से 6 महीने का वक्त लग सकता है।
एक बार निर्माण कार्य शुरू हो जाने के बाद तीन वर्षों में मेट्रो लाइन पूरी तरह से तैयार हो जाएगी।
परियोजना की लागत को तीन हिस्सों में बांटा गया है:

  • 60% खर्च NMRC वहन करेगी
  • 20% राज्य सरकार देगी
  • 20% केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाएगा

भविष्य में जेवर एयरपोर्ट तक मेट्रो का विस्तार, क्षेत्र में बढ़ेगा व्यापार

सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह मेट्रो रूट आगे चलकर जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भी जुड़ सकता है। इससे ना सिर्फ अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ेगी, बल्कि औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों में भी अप्रत्याशित उछाल आने की उम्मीद है।

वर्तमान में मेट्रो की पहुंच ग्रेटर नोएडा के कुछ गिने-चुने हिस्सों तक ही सीमित है, लेकिन बोड़ाकी से आगे बढ़ते हुए मेट्रो एयरपोर्ट तक पहुंचेगी तो यह एनसीआर के इस छोर को ग्लोबल गेटवे से जोड़ देगी।


एक लाख से अधिक ग्रामीण होंगे लाभांवित

इस मेट्रो विस्तार से बोड़ाकी और उसके आसपास के गांवों के लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा।
इन गांवों के लाखों लोग अब दिल्ली, नोएडा और एयरपोर्ट जैसे गंतव्यों तक बिना किसी ट्रैफिक बाधा के पहुंच सकेंगे
पाली, पल्ला, चिटहेरा, रामगढ़, मकौड़ा और जुनपत जैसे गांव जो अब तक सार्वजनिक परिवहन से कटे हुए माने जाते थे, अब एक शहरी लाइफलाइन से सीधे जुड़ जाएंगे।

JPEG 20250724 185854 1344500776759704239 converted
ग्रेटर नोएडा में मेट्रो विस्तार बोड़की तक

रोजाना 60,000 यात्रियों की उम्मीद, बढ़ेगी राइडरशिप और निवेश

2031 तक इस रूट पर प्रतिदिन करीब 60 हजार यात्रियों की आवाजाही का अनुमान है।
यह आंकड़ा दर्शाता है कि भविष्य में यह मेट्रो रूट ग्रेटर नोएडा में निवेश और आवागमन दोनों का मुख्य आधार बनेगा।
इस मेट्रो लिंक से रियल एस्टेट, लॉजिस्टिक्स, और रिटेल सेक्टर को भी फायदा होगा।


ग्रेटर नोएडा को ‘स्मार्ट सिटी’ बनाने की ओर एक और कदम

यह परियोजना ग्रेटर नोएडा को वास्तविक स्मार्ट सिटी में बदलने की दिशा में एक अहम पड़ाव है।
सार्वजनिक परिवहन को सशक्त बनाने से न केवल पर्यावरण को फायदा मिलेगा, बल्कि यात्रियों की सुविधा, समय की बचत और ट्रैफिक जाम में भी कमी आएगी।


क्या कहते हैं स्थानीय लोग?

स्थानीय निवासी रमेश चौधरी (पाली गांव) ने कहा,

“हम वर्षों से मेट्रो की मांग कर रहे थे। अब जाकर सुनवाई हुई है। बच्चों को कॉलेज, नौकरीपेशा लोगों को नोएडा-दिल्ली जाना अब आसान हो जाएगा।”

सोसायटी निवासी संजय शर्मा का कहना है,

“यह मेट्रो लिंक रियल एस्टेट सेक्टर के लिए गेमचेंजर साबित होगा। किराए, प्रॉपर्टी कीमतों में इजाफा और व्यापारिक संभावनाएं बढ़ेंगी।”


अब राह आसान, सफर आरामदायक!

बोड़ाकी मेट्रो एक्सटेंशन योजना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ग्रेटर नोएडा केवल योजनाओं की धरती नहीं बल्कि उनके क्रियान्वयन का उदाहरण भी बन रहा है।
अब देखना यह है कि आने वाले तीन वर्षों में निर्माण कितनी तेजी से होता है और यह परिवहन क्रांति कब पूरी होती है।


#GreaterNoidaMetro #BodakiExtension #NMRCUpdate #जेवरएयरपोर्टमेट्रो #ग्रेटरनोएडा_मेट्रो #RuralConnectivity #GreaterNoidaNews #बोड़ाकी_तक_मेट्रो #MultiModalHub #JewarAirport #SmartCityMovement #2031MetroVision #MetroApproval #PublicTransportBoost #NMRCExpansion #GraminVikasMetro #NoidaToAirport

रफ़्तार टुडे की न्यूज़
Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Back to top button