Noida Authority News : नोएडा स्टेडियम में निर्माणाधीन सिंथेटिक ट्रैक का मुख्य कार्यपालक अधिकारी CEO डॉ लोकेश एम ने किया निरीक्षण, जल्द पूरा होगा कार्य, ग्रीन लैंडस्केप से सजेगा परिसर, नोएडा प्राधिकरण की पहल — “ग्रीन एंड स्मार्ट स्पोर्ट्स सिटी”, खेल प्रेमियों को मिलेगा वर्ल्ड-क्लास अनुभव

नोएडा, रफ़्तार टुडे। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) महोदय ने सोमवार 27 अक्टूबर 2025 को सेक्टर-21 स्थित नोएडा स्टेडियम में निर्माणाधीन सिंथेटिक ट्रैक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, प्रगति और स्थल की संरचना का बारीकी से जायजा लिया।
इस मौके पर उप महाप्रबंधक (सिविल) श्री विजय रावल, वरिष्ठ प्रबंधक (वर्क-2) श्री कमिल सिंह, सुशीला नेहा शर्मा और अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी महोदय ने कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए और निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुसार शीघ्र पूर्ण करने पर बल दिया।
ग्रीन लैंडस्केप से सजेगा ट्रैक परिसर
सीईओ ने निर्देश दिए कि सिंथेटिक ट्रैक के मध्य और किनारों के शेष क्षेत्र को ग्रीन लैंडस्केप के रूप में विकसित किया जाए, जिससे स्टेडियम परिसर का वातावरण सुंदर और हराभरा बने।
इसके अतिरिक्त सिंथेटिक ट्रैक और बाउंड्री वॉक (स्केटिंग रिंग) के समीप स्थित गेट क्षेत्र में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएं, जबकि बाकी शेष क्षेत्र में हरियाली एवं चेंज रूम (Change Room) की व्यवस्था विकसित की जाए।
गुणवत्ता पर रहेगा विशेष ध्यान
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि दिल्ली स्थित नेहरू स्टेडियम के सिंथेटिक ट्रैक की तर्ज पर नोएडा स्टेडियम में भी समान गुणवत्ता और सामग्री का उपयोग किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि नेहरू स्टेडियम, दिल्ली में निर्मित सिंथेटिक ट्रैक का निरीक्षण किया जाए और वहां उपयोग की गई तकनीक और सामग्रियों को ध्यान में रखते हुए, नोएडा स्टेडियम के ट्रैक निर्माण में वही मानक सुनिश्चित किए जाएं।
समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य का निर्देश
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि सिंथेटिक ट्रैक के सभी कार्य तय मानकों के अनुसार, गुणवत्तापूर्वक और शीघ्र पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने कहा कि नोएडा शहर में खेल सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है और स्टेडियम को आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से सुसज्जित करने का लक्ष्य रखा गया है।
सीईओ ने अधिकारियों से यह भी कहा कि निर्माण के दौरान सभी सुरक्षा मानकों और पर्यावरणीय संतुलन का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए।
खेल प्रेमियों को मिलेगा वर्ल्ड-क्लास अनुभव
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद, नोएडा स्टेडियम का यह सिंथेटिक ट्रैक अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगा। इससे शहर के खिलाड़ियों, स्कूलों और खेल अकादमियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधा मिलेगी।
यह ट्रैक एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं, अभ्यास सत्रों और राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों के लिए भी उपयुक्त साबित होगा।
नोएडा प्राधिकरण की पहल — “ग्रीन एंड स्मार्ट स्पोर्ट्स सिटी”
नोएडा प्राधिकरण ने हाल के वर्षों में शहर के खेल ढांचे को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ “ग्रीन एंड स्मार्ट स्पोर्ट्स सिटी” की दिशा में कई परियोजनाएं शुरू की हैं।
सेक्टर-21 का यह सिंथेटिक ट्रैक प्रोजेक्ट भी उसी विज़न का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ स्वच्छ और हरित वातावरण उपलब्ध कराना है।



