Breaking Bulandshahr News : बुलंदशहर से मुख्यमंत्री योगी का बड़ा ऐलान!, 14,000 हजार एकड़ में विकसित जेवर एयरपोर्ट के पास बनेगी रिंग रोड, गंगा एक्सप्रेसवे से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी, सांसद डॉ. महेश शर्मा का लिया नाम, जेवर एयरपोर्ट के लिए जताया आभार कहा डॉ महेश ने ज़ेवर में बनवाया एयरपोर्ट और कहा—‘पश्चिमी यूपी अब विकास की नई उड़ान भरेगा’, ‘पहले भय और दहशत थी, अब विकास की पहचान है बुलंदशहर’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के दौरान नोएडा के सांसद डॉ. महेश शर्मा का नाम लेते हुए कहा कि जेवर एयरपोर्ट परियोजना को आगे बढ़ाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने इस परियोजना के लिए उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज यह एयरपोर्ट पूरे उत्तर प्रदेश और देश के विकास का नया प्रतीक बन चुका है।

बुलंदशहर/ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास को नई रफ्तार देने वाली एक बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर से जेवर एयरपोर्ट बाईपास (रिंग रोड) के निर्माण का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल गौतमबुद्ध नगर या बुलंदशहर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसरों का आधार बनेगी। इस दौरान उन्होंने नोएडा के सांसद डॉ. महेश शर्मा का विशेष रूप से नाम लेते हुए जेवर एयरपोर्ट परियोजना के लिए उनके प्रयासों की सराहना की और आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बुलंदशहर एवं सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 574 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, आयुष्मान कार्ड, छात्रवृत्ति, चेक, सब्सिडी, टूलकिट, थर्मल प्रिंटर, मकानों की चाबियां और प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।
जेवर एयरपोर्ट के लिए रिंग रोड का ऐतिहासिक ऐलान, बदल जाएगी पूरे क्षेत्र की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर और आसपास के जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से जेवर एयरपोर्ट बाईपास (रिंग रोड) की मांग की जा रही थी। सरकार ने इस मांग को स्वीकार कर लिया है और अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिंग रोड बनने से जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचना पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान होगा और क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में यह रिंग रोड पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास की धुरी साबित होगी। बेहतर सड़क नेटवर्क से उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, निवेश बढ़ेगा और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

सांसद डॉ. महेश शर्मा का लिया नाम, एयरपोर्ट के लिए जताया आभार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के दौरान नोएडा के सांसद डॉ. महेश शर्मा का नाम लेते हुए कहा कि जेवर एयरपोर्ट परियोजना को आगे बढ़ाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने इस परियोजना के लिए उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज यह एयरपोर्ट पूरे उत्तर प्रदेश और देश के विकास का नया प्रतीक बन चुका है।
‘पहले भय और दहशत थी, अब विकास की पहचान है बुलंदशहर’
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में वर्ष 2017 का उल्लेख करते हुए कहा कि जब वह विधानसभा चुनाव के दौरान बुलंदशहर आए थे, तब जिले में भय और दहशत का माहौल था। लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर अब विकास, कानून व्यवस्था और निवेश का नया केंद्र बन रहा है। अपराध पर नियंत्रण और बेहतर प्रशासन के कारण निवेशकों का विश्वास बढ़ा है और विकास परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
गंगा एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट का मिलेगा सीधा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का सबसे बड़ा गंगा एक्सप्रेसवे बुलंदशहर से होकर गुजर रहा है, जिससे प्रयागराज तक की यात्रा लगभग पांच घंटे में पूरी हो सकेगी। उन्होंने बताया कि सरकार ने गंगा एक्सप्रेसवे को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे को भी मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, अलीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों को एयरपोर्ट तक तेज और सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी।

14 हजार एकड़ में विकसित हो रहा है देश का सबसे आधुनिक एयरपोर्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि जेवर में विकसित हो रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लगभग 14 हजार एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। यह केवल एक हवाई अड्डा नहीं बल्कि भविष्य का एक बड़ा आर्थिक और औद्योगिक केंद्र होगा। उन्होंने बताया कि यहां एमआरओ (Maintenance, Repair and Overhaul) सुविधा विकसित की जा रही है, जिससे विमान मरम्मत उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा कार्गो हब, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की आधुनिक सुविधाएं भी यहां उपलब्ध होंगी। इससे उत्तर प्रदेश वैश्विक व्यापार और लॉजिस्टिक्स का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
किसानों को भी मिली राहत, मुआवजे में बढ़ोतरी की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों की मांगों को गंभीरता से लिया है। भूमि अधिग्रहण के मामलों में किसानों के मुआवजे में बढ़ोतरी की मांग स्वीकार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि विकास और किसान हित दोनों सरकार की प्राथमिकता हैं और दोनों के बीच संतुलन बनाकर कार्य किया जा रहा है।
रोजगार, उद्योग और निवेश को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क, एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश आएगा। इससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा और क्षेत्र आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट, गंगा एक्सप्रेसवे, लिंक एक्सप्रेसवे और प्रस्तावित रिंग रोड मिलकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश को देश के सबसे बड़े विकास केंद्रों में शामिल करेंगे।
जनसभा में लाभार्थियों को वितरित किए गए विभिन्न योजनाओं के लाभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, छात्रवृत्ति, आयुष्मान कार्ड, टूलकिट, सब्सिडी, मकानों की चाबियां, थर्मल प्रिंटर, चेक और प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर और पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश देश के सबसे विकसित क्षेत्रों में शामिल होगा और जेवर एयरपोर्ट इस परिवर्तन का सबसे बड़ा आधार बनेगा।



