ब्रेकिंग न्यूज़अथॉरिटीआम मुद्देजेवरजेवर एयरपोर्टप्रशासनयमुना सिटी

Noida International Airport News : उड़ान भरने को तैयार जेवर का सपना!, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण पूरा, उद्घाटन की उलटी गिनती शुरू, टर्मिनल से रनवे तक, हर व्यवस्था पूरी, पहले चरण में 12 मिलियन यात्रियों को मिलेगी सुविधा

जेवर/ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। देश और प्रदेश के सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स में शामिल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब हकीकत बन चुका है। वर्षों के इंतजार, उम्मीदों और विकास की आस के बाद जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन की घड़ियां अब तेजी से नजदीक आ रही हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री एस.पी. गोयल ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एयरपोर्ट की तैयारियों का एक विस्तृत वीडियो साझा कर इस बात की पुष्टि कर दी है कि एयरपोर्ट संचालन के लिए लगभग सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
मुख्य सचिव द्वारा साझा किए गए वीडियो ने न केवल एयरपोर्ट के निर्माण की प्रगति को दर्शाया, बल्कि यह भी स्पष्ट कर दिया कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद अब उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। वीडियो में एयरपोर्ट से जुड़ी हर छोटी-बड़ी सुविधा और तकनीकी ढांचे की झलक दिखाई गई है।

टर्मिनल से रनवे तक, हर व्यवस्था पूरी
मुख्य सचिव एस.पी. गोयल द्वारा साझा किए गए वीडियो में बताया गया है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधुनिकतम व्यवस्थाएं की गई हैं। टर्मिनल बिल्डिंग, घरेलू टर्मिनल काउंटर, ई-गेट्स, बैगेज हैंडलिंग सिस्टम, यात्रियों के लिए लाउंज, एयरपोर्ट सर्विलांस रडार और अत्याधुनिक नेविगेशन सिस्टम पूरी तरह तैयार हैं।
इसके अलावा विमानों की पार्किंग के लिए विशाल एप्रन, कार्गो सेवाओं के लिए अलग टर्मिनल, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी), ऑपरेशन सेंटर, ईंधन टैंक, जल और सीवेज ट्रीटमेंट सिस्टम, चेक पोस्ट और सुरक्षा से जुड़े तमाम प्रबंध भी पूरे कर लिए गए हैं।


ग्रीन और स्मार्ट एयरपोर्ट की झलक
वीडियो में एयरपोर्ट की एक्सेस रोड, टैक्सी-वे, रनवे, सोलर फार्म, सीएनजी पंप, इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए ईवी चार्जिंग स्टेशन और ग्राउंड हैंडलिंग वाहनों की व्यवस्थाएं भी दिखाई गई हैं। इससे साफ है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एक ग्रीन, स्मार्ट और भविष्य के अनुरूप एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया गया है।
मुख्य सचिव ने बताया कि अब केवल एयरोड्रम लाइसेंस से जुड़ी कुछ औपचारिकताएं शेष हैं, जो अंतिम चरण में हैं। इनके पूर्ण होते ही एयरपोर्ट का औपचारिक उद्घाटन कर दिया जाएगा।

पहले चरण में 12 मिलियन यात्रियों को मिलेगी सुविधा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला चरण 1334 हेक्टेयर भूमि में विकसित किया गया है। इस चरण में एयरपोर्ट हर वर्ष लगभग 1.2 करोड़ (12 मिलियन) यात्रियों को उड़ान भरने की सुविधा देगा। अधिकारियों के अनुसार, यह एयरपोर्ट न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए एक महत्वपूर्ण हवाई केंद्र के रूप में उभरेगा।
दिसंबर 2024 में एयरपोर्ट के रनवे पर इंडिगो एयरलाइंस के यात्री विमान की सफल लैंडिंग कर ट्रायल किया गया था। इसके बाद 2025 में छोटे विमानों के जरिए नेविगेशन और तकनीकी उपकरणों की भी जांच की गई, जो पूरी तरह सफल रही।


यात्री बनकर खुद परखी गईं सुविधाएं
एयरपोर्ट का निर्माण कर रही कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (YIAPL) ने उद्घाटन से पहले दो बार मॉक ड्रिल के जरिए व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान स्थानीय लोगों और कर्मचारियों को यात्री बनाकर चेक-इन, बोर्डिंग प्रक्रिया, बैगेज हैंडलिंग, सुरक्षा जांच और अन्य यात्री सुविधाओं को परखा गया, ताकि किसी भी कमी को समय रहते दूर किया जा सके।

प्रदेश का पांचवां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट
उद्घाटन के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश का पांचवां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बन जाएगा। इससे न केवल दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र पर हवाई यातायात का दबाव कम होगा, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के जिलों के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।


एयरपोर्ट के आसपास तेजी से हो रहा विकास
एयरपोर्ट के साथ-साथ उसके आसपास के क्षेत्रों का विकास भी तेजी से किया जा रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) द्वारा एयरपोर्ट के आसपास सेक्टर-8, 8डी, 11, 4ए, 5ए और 5 को विकसित करने के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
सेक्टर-8डी में लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग हब प्रस्तावित है, जिसके लिए थोरा और दयौरार गांव की भूमि खरीदी जा रही है। इसके अलावा आवासीय, औद्योगिक और व्यावसायिक परियोजनाओं को भी अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है।

जेवर से बदलेगी विकास की तस्वीर
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से रोजगार, व्यापार, निवेश और कनेक्टिविटी के नए द्वार खुलेंगे। यह एयरपोर्ट न केवल हवाई यात्रा को आसान बनाएगा, बल्कि पूरे क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर को भी बदलने वाला साबित होगा।
अब जेवर का सपना उड़ान भरने को तैयार है—बस उद्घाटन की औपचारिक घोषणा का इंतजार है।

रफ़्तार टूडे की न्यूज

Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Back to top button