Greater Noida Authority News : “नए शहर की नींव की तलाश में तेलंगाना!”, एफसीडीए प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा मॉडल का किया गहन अध्ययन, वित्तीय मॉडल और स्ववित्त पोषण प्रणाली की जानकारी, औद्योगिक नीतियों और आवंटन प्रक्रिया पर फोकस

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। तेलंगाना सरकार की महत्वाकांक्षी टाउनशिप योजना को आकार देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए फ्यूचर सिटी डेवलपमेंट अथॉरिटी (FCDA) का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को Greater Noida Authority पहुंचा।
प्रतिनिधिमंडल ने यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल, औद्योगिक नीतियों, भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया और वित्तीय ढांचे का विस्तार से अध्ययन किया। अधिकारियों ने बताया कि हैदराबाद के निकट एक नई औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने की योजना है और उसी सिलसिले में ग्रेटर नोएडा के सफल मॉडल को समझने का प्रयास किया जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक
प्राधिकरण के सीईओ NG Ravi Kumar के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में भूमि अधिग्रहण से लेकर भूखंड आवंटन, मास्टर प्लानिंग, बिल्डिंग बायलॉज, सेक्टर ले-आउट, किसानों को दिए जाने वाले लाभ और बसावट की प्रक्रिया तक हर पहलू पर विस्तार से जानकारी साझा की गई।
तेलंगाना के प्रतिनिधिमंडल में डिप्टी कलेक्टर (स्पेशल ग्रेड) वेंकटेश्वर लू, प्लानिंग ऑफिसर स्नेहमाला, डिप्टी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर वेंकट किरन और सहायक अर्बन प्लानर अक्षय कुमार शामिल रहे।
वित्तीय मॉडल और स्ववित्त पोषण प्रणाली की जानकारी
प्राधिकरण की ओर से एसीईओ सुमित यादव, महाप्रबंधक (वित्त) स्वतंत्र गुप्ता, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा, ओएसडी नवीन कुमार सिंह और उद्योग विभाग के प्रबंधक अरविंद मोहन सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण दिया।
महाप्रबंधक (वित्त) स्वतंत्र गुप्ता ने प्राधिकरण के वित्तीय मॉड्यूल और स्ववित्त पोषित व्यवस्था की प्रक्रिया को समझाया। यह बताया गया कि किस प्रकार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण स्वयं के संसाधनों से विकास कार्यों को संचालित करता है।
औद्योगिक नीतियों और आवंटन प्रक्रिया पर फोकस
उद्योग विभाग के प्रबंधक अरविंद मोहन सिंह ने औद्योगिक नीतियों, निवेश प्रोत्साहन योजनाओं और भूखंड आवंटन की पारदर्शी प्रक्रिया की जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल ने यह समझने का प्रयास किया कि किस प्रकार ग्रेटर नोएडा ने उद्योगों को आकर्षित कर एक सशक्त औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र विकसित किया है।
आईआईटीजीएनएल की इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप का भ्रमण
बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने Yamuna Expressway Industrial Development Authority के अंतर्गत विकसित आईआईटीजीएनएल की इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप का भी भ्रमण किया।
यहां प्लग-एंड-प्ले सिस्टम, वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट, 24 घंटे बिजली-पानी की उपलब्धता और सुव्यवस्थित सड़क नेटवर्क जैसी सुविधाओं का अवलोकन किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने इंफ्रास्ट्रक्चर की गुणवत्ता और नियोजन की सराहना की।
नए शहर की दिशा में सीख
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि ग्रेटर नोएडा मॉडल से मिली जानकारी तेलंगाना में प्रस्तावित नई टाउनशिप के विकास में अत्यंत उपयोगी साबित होगी।
उन्होंने विशेष रूप से नियोजन, भूमि प्रबंधन और औद्योगिक विकास के समन्वित मॉडल को सराहा।
अनुभवों का आदान-प्रदान
यह दौरा केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि दो राज्यों के बीच विकास मॉडल के आदान-प्रदान का उदाहरण रहा। विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार के अध्ययन भ्रमण से बेहतर शहरी नियोजन और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलती है।
ग्रेटर नोएडा की योजनाबद्ध बसावट और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर ने एक बार फिर साबित किया कि यह देश के अग्रणी औद्योगिक शहरों में क्यों गिना जाता है।



