New Noida Authority News : न्यू नोएडा में 5600 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से होगी जमीन की खरीद, शासन से मांगी गई मंजूरी, जमीन की खरीद–फरोख्त रोकने को प्राधिकरण बनेगा पहला खरीदार, सीएम ने मांगी पूरी रिपोर्ट, दो महीने में होगा आवेदन निस्तारण, 80 गांवों में होगा न्यू नोएडा का विकास

नोएडा, रफ़्तार टूडे। दादरी–नोएडा–गाजियाबाद निवेश क्षेत्र यानी प्रस्तावित न्यू नोएडा के विकास को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ी पहल की है। प्राधिकरण ने न्यू नोएडा क्षेत्र में शामिल गांवों की जमीन किसानों से सीधे खरीदने के लिए 5600 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर तय करते हुए इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद न्यू नोएडा में जमीन खरीद की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी।
प्राधिकरण का उद्देश्य न्यू नोएडा क्षेत्र में बेतहाशा जमीन की खरीद–फरोख्त और सट्टेबाजी पर रोक लगाना है। इसी कड़ी में शासन स्तर पर यह योजना बनाई जा रही है कि जमीन खरीद का पहला अधिकार प्राधिकरण के पास हो, जिससे किसान सीधे प्राधिकरण को ही अपनी जमीन बेच सकें।
मुख्यमंत्री ने मांगी रिपोर्ट, तेज हुई प्रक्रिया
न्यू नोएडा को लेकर जमीन की खरीद दर और खरीद–फरोख्त रोकने की नीति पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा प्राधिकरण से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। इसके बाद शासन स्तर पर इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार शुरू हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, यदि इस व्यवस्था को मंजूरी मिलती है तो पूरे न्यू नोएडा क्षेत्र में सार्वजनिक सूचना जारी की जाएगी, जिसमें किसानों को बताया जाएगा कि वे निर्धारित समयावधि में प्राधिकरण को आवेदन देकर अपनी जमीन बेच सकते हैं।
दो महीने में होगा आवेदन निस्तारण
प्राधिकरण की योजना है कि किसानों द्वारा जमीन बेचने के लिए दिए गए आवेदनों का दो माह के भीतर निस्तारण कर लिया जाए। तय दर पर जमीन का भुगतान सीधे किसानों को किया जाएगा।
यदि कोई किसान अपनी जमीन प्राधिकरण को नहीं बेचना चाहता, तो उसे किसी अन्य व्यक्ति को जमीन बेचने से पहले संबंधित अधिकारी को कारण बताना अनिवार्य होगा।
दो महीने में होगा आवेदन निस्तारण
प्राधिकरण की योजना है कि किसानों द्वारा जमीन बेचने के लिए दिए गए आवेदनों का दो माह के भीतर निस्तारण कर लिया जाए। तय दर पर जमीन का भुगतान सीधे किसानों को किया जाएगा।
यदि कोई किसान अपनी जमीन प्राधिकरण को नहीं बेचना चाहता, तो उसे किसी अन्य व्यक्ति को जमीन बेचने से पहले संबंधित अधिकारी को कारण बताना अनिवार्य होगा।
80 गांवों में होगा न्यू नोएडा का विकास
मौजूदा मास्टर प्लान के अनुसार, दादरी से खुर्जा के बीच करीब 80 गांवों की जमीन पर न्यू नोएडा विकसित किया जाना प्रस्तावित है। यह पूरा क्षेत्र नोएडा प्राधिकरण के अधीन होगा। न्यू नोएडा मास्टर प्लान–2041 को पहले ही यूपी कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है, जिसके बाद अब जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बागपत और खेकड़ा के गांव भी हो सकते हैं शामिल
प्राधिकरण स्तर पर यह भी विचार किया जा रहा है कि न्यू नोएडा के विस्तार में बागपत और खेकड़ा तहसील के गांवों को भी शामिल किया जाए।
बागपत तहसील में 113 गांव और 3 कस्बे, जबकि खेकड़ा तहसील में 53 गांव हैं। यदि इन्हें योजना में शामिल किया जाता है तो निवेश क्षेत्र का दायरा और अधिक बढ़ जाएगा। इस विषय में शासन से राय मांगी गई है।
खरीद–फरोख्त रोकने की तैयारी
पिछले कुछ समय से न्यू नोएडा क्षेत्र में जमीन की खरीद–फरोख्त तेज़ हो गई है। पहले प्राधिकरण यहां रजिस्ट्री रोकने की तैयारी कर रहा था, लेकिन शासन स्तर पर इस पर सहमति नहीं बनी।
अब नई नीति के तहत प्राधिकरण को प्राथमिक खरीदार बनाकर सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने की तैयारी है।
विकास की नींव रखेगा न्यू नोएडा
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि न्यू नोएडा क्षेत्र में औद्योगिक, आवासीय और संस्थागत विकास की व्यापक संभावनाएं हैं।
योजना के तहत शुरुआती चरण में अस्थायी कार्यालय के लिए जमीन भी चिन्हित की जा चुकी है। प्राधिकरण का मानना है कि यह परियोजना आने वाले वर्षों में एनसीआर के विकास का नया केंद्र बनेगी।



