अथॉरिटीआम मुद्देताजातरीननोएडाप्रशासनब्रेकिंग न्यूज़

Noida Authority News : गौशाला से लेकर डॉग शेल्टर तक स्वच्छता और व्यवस्था पर “एक्शन मोड” में नोएडा प्राधिकरण, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कृष्णा करुणेश ने दिए कड़े निर्देश, दिनभर चला निरीक्षण अभियान, एनिमल शेल्टर सेक्टर-94 में खत्म होगा जलभराव, बढ़ेगी सफाई व्यवस्था, वाजिदपुर में गार्बेज कलेक्शन सिस्टम पर नाराज़गी, जल्द बढ़ाई जाएंगी गाड़ियां

नोएडा, रफ़्तार टुडे। स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और पशु कल्याण को लेकर नवीन ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण (NOIDA) अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। गुरुवार, 16 अक्टूबर 2025 को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कृष्णा करूणेश ने सेक्टर-135 की गौशाला, डॉग शेल्टर, डुप्लेक्स पॉकेट, एनिमल शेल्टर सेक्टर-94 और ग्राम वाजिदपुर का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उनके साथ महाप्रबन्धक (जन स्वास्थ्य) एके ओझा और परियोजना अभियंता एमडी आरके शर्मा भी मौजूद रहे। निरीक्षण में साफ-सफाई, रखरखाव, जलभराव और पशुओं के स्वास्थ्य को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।

गौशाला सेक्टर-135 में अब रोज़ होगी सफाई, खुले हिस्सों में लगेंगे खजूर के पेड़

निरीक्षण के दौरान श्री करूणेश ने गौशाला सेक्टर-135 की सभी बाड़ों में प्रतिदिन एक बार पानी से धुलाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता ही पशु स्वास्थ्य की नींव है”। गौशाला के खुले हिस्सों में हरियाली बढ़ाने के लिए खजूर के पेड़ लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए कि पेड़ों की नियमित देखरेख हो ताकि गौशाला का वातावरण स्वच्छ और मनोहारी बना रहे।

मरम्मत और रंगाई-पुताई से नई दिखेगी गौशाला की बाउंड्री व गेट

गौशाला सेक्टर-135 में जर्जर हो चुकी बाउंड्री व गेट की मरम्मत के लिए भी तत्काल कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। वहीं, बरसात के बाद रंगाई-पुताई कर परिसर को आकर्षक और साफ-सुथरा बनाने की योजना को मंज़ूरी दी गई।
अधिकारी ने कहा कि “गौशाला केवल पशुओं का ठिकाना नहीं, बल्कि यह नोएडा की संस्कृति और करुणा का प्रतीक है, इसे स्वच्छ और सुरक्षित रखना हमारी प्राथमिकता है।”

एनिमल शेल्टर सेक्टर-94 में खत्म होगा जलभराव, बढ़ेगी सफाई व्यवस्था

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सेक्टर-94 स्थित एनिमल शेल्टर के निर्माणाधीन किनारे पर जलभराव की समस्या है। श्री करूणेश ने तत्काल मिट्टी भरकर जलनिकासी सुचारु करने के आदेश दिए ताकि वहां की गंध और संक्रमण फैलने से रोका जा सके। साथ ही निर्देश दिए गए कि शेल्टर की सभी बाड़ों की दिन में कम से कम एक बार पानी से सफाई की जाए।

घायल और आक्रामक कुत्तों को अलग-अलग रखने के निर्देश

एनिमल शेल्टर में आक्रामक और घायल डॉग्स को एक ही स्थान पर रखे जाने की शिकायत पर, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने तुरंत उन्हें अलग-अलग रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि “हर पशु की स्थिति के अनुसार देखभाल और उपचार जरूरी है, ताकि संक्रमण और झगड़े की संभावना न रहे।”

वाजिदपुर में गार्बेज कलेक्शन सिस्टम पर नाराज़गी, जल्द बढ़ाई जाएंगी गाड़ियां

ग्राम वाजिदपुर के निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ा मुद्दा रहा गार्बेज कलेक्शन। श्री करूणेश ने पाया कि डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन की गाड़ियां नियमित नहीं चल रहीं, जिसके कारण जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं।
उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि सुबह 9 बजे से पहले सभी गार्बेज प्वाइंट्स साफ हो जाने चाहिए। साथ ही गाड़ियां बढ़ाने और नियमित मॉनिटरिंग का निर्देश दिया गया।

नालियों की सिल्ल्ट सफाई पर भी ज़ोर

ग्राम वाजिदपुर की कुछ नालियों में सिल्ल्ट जमी हुई पाई गई, जिससे जलनिकासी अवरुद्ध थी। श्री करूणेश ने स्पष्ट निर्देश दिया कि “सिल्ल्ट को तल तक पूरी तरह निकालने का काम तत्काल कराया जाए, ताकि बरसात में जलभराव न हो।”

निरीक्षण के बाद बने स्वच्छता सुधार के ठोस प्लान

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक (जन स्वास्थ्य) एके ओझा और परियोजना अभियंता आरके शर्मा ने भी मौके पर मौजूद रहकर सुधार कार्यों की रूपरेखा तय की। अधिकारियों ने बताया कि अगले सात दिनों के भीतर सभी निर्देशों का पालन रिपोर्ट के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।
साथ ही, नियमित मॉनिटरिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग और इंजीनियरिंग टीम को संयुक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

स्वच्छता केवल दिखावे की नहीं, बल्कि हमारी संवेदनशीलता की पहचान है” – कृष्णा करूणेश

अभियान के अंत में श्री करूणेश ने कहा “प्राधिकरण की प्राथमिकता सिर्फ निर्माण नहीं, बल्कि मानवीय और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना है। स्वच्छ गौशाला, व्यवस्थित डॉग शेल्टर और साफ गांव ही एक स्वस्थ नोएडा की पहचान हैं। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि शहर तभी आगे बढ़ता है जब उसके बुनियादी तंत्र मजबूत हों।”

इस व्यापक निरीक्षण अभियान से साफ है कि नोएडा प्राधिकरण अब केवल इमारतें नहीं बना रहा, बल्कि एक संवेदनशील और स्वच्छ शहर की परिकल्पना को साकार कर रहा है। आने वाले हफ्तों में इन सुधार कार्यों के परिणाम ज़मीनी स्तर पर दिखने की उम्मीद है।

Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Back to top button