BJP MLC News : शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव में जीत का बिगुल, तिलपता से उठा भाजपा का रणघोष, हर कॉलेज-हर कैंपस तक पहुंचेगा संगठन, “हर शिक्षक, हर स्नातक तक पहुंचे भाजपा” – जिला अध्यक्ष का स्पष्ट संदेश, 12 हजार फार्म प्रदेश में गौतमबुद्धनगर बना मिसाल

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे। आगामी शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने गौतमबुद्धनगर में पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में 5 जनवरी 2026 को भाजपा जिला कार्यालय, तिलपता गोलचक्कर पर एक बेहद अहम और रणनीतिक बैठक आयोजित की गई, जिसने संगठन में नई ऊर्जा भर दी। यह बैठक सिर्फ एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि आने वाले चुनावी संघर्ष की ठोस रूपरेखा तय करने का मंच बनी। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने की, जिन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश, दिशा और लक्ष्य—तीनों का संचार किया।
“हर शिक्षक, हर स्नातक तक पहुंचे भाजपा” – जिला अध्यक्ष का स्पष्ट संदेश
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव भाजपा के लिए केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि बौद्धिक वर्ग के विश्वास की परीक्षा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे जिले के हर स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और कोचिंग संस्थानों में जाकर शिक्षकों से संवाद स्थापित करें और स्नातक डिग्रीधारी युवाओं से सीधे संपर्क कर उनका वोट बनवाने का कार्य प्राथमिकता से करें।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाना ही नहीं, बल्कि बने हुए शिक्षक-स्नातक मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है, ताकि वे मतदान के दिन पूरी तैयारी के साथ भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करें।
12 हजार फार्म: प्रदेश में गौतमबुद्धनगर बना मिसाल
अभिषेक शर्मा ने बैठक में यह जानकारी भी साझा की कि पूरे उत्तर प्रदेश में अब तक शिक्षक और स्नातक एमएलसी वोट के लिए सबसे अधिक फार्म गौतमबुद्धनगर जिले से भरे गए हैं। भाजपा संगठन द्वारा 12 हजार से अधिक फार्म अब तक भरे जा चुके हैं, जो जिले की संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा गौरव की बात है, लेकिन संतोष का नहीं। लक्ष्य इससे कहीं बड़ा है और आने वाले दिनों में अभियान को और तेज गति दी जाएगी, ताकि भाजपा प्रत्याशी को रिकॉर्ड मतों से ऐतिहासिक जीत दिलाई जा सके।
शिक्षा, विचार और राष्ट्रवाद का चुनाव
जिला अध्यक्ष ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि शिक्षक और स्नातक वर्ग समाज की बौद्धिक रीढ़ होते हैं। यह वर्ग सिर्फ वोटर नहीं, बल्कि नीति, विचार और दिशा तय करने वाला तबका है। ऐसे में भाजपा का दायित्व है कि वह अपनी शिक्षा-नीति, राष्ट्रवादी सोच और विकास के विजन को इस वर्ग तक स्पष्ट रूप से पहुंचाए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संवाद के दौरान केवल वोट की बात न करें, बल्कि भाजपा सरकार द्वारा शिक्षा, शोध, नवाचार और युवाओं के लिए किए गए कार्यों को भी मजबूती से सामने रखें।
संगठन की एकजुटता दिखी बैठक में
बैठक में जिले के वरिष्ठ पदाधिकारियों और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं की मजबूत उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष पवन रावल, राहुल पंडित, मनवीर नागर, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, रवि जिंदल, मंडल अध्यक्ष मनोज मावी, लोकेश त्यागी, राजेश शर्मा, अर्पित तिवारी, सुजाता सिंह, वसुंधरा झा, दिनेश डाढा, राजीव सिंघल, भिखारी सिंह, संजीव शर्मा, गजेन्द्र वाल्मीकि, महेन्द्र नागर, धीर राणा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सभी ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि घर-घर, कॉलेज-कॉलेज और संस्थान-संस्थान जाकर भाजपा का संदेश पहुंचाया जाएगा और शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा को प्रचंड जीत दिलाई जाएगी।
रणनीति साफ, लक्ष्य तय, मैदान तैयार
बैठक के अंत में यह स्पष्ट हो गया कि भाजपा गौतमबुद्धनगर में शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में है। संगठन की रणनीति स्पष्ट है—
अधिकतम मतदाता पंजीकरण
बने हुए वोटरों से सतत संपर्क
शिक्षा जगत में भाजपा के कार्यों का प्रचार और मतदान के दिन शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना
अब निगाहें आने वाले दिनों पर टिकी हैं, जब यह रणनीति ज़मीन पर अभियान का रूप लेगी।



