ब्रेकिंग न्यूज़अथॉरिटीआम मुद्देगौतमबुद्ध नगरग्रेटर नोएडाताजातरीन

Greater Noida Authority News : चार मूर्ति चौक पर अंडरपास से जल्द मिलेगी आंशिक राहत, सीईओ एनजी रवि कुमार ने लिया निर्माण कार्यों का जायजा, 60-80-130 मीटर रोड और बस-वे पर भी दिए सख्त निर्देश, पैदल घूमकर किया निरीक्षण

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सबसे बड़ी समस्या – चार मूर्ति चौक का भारी ट्रैफिक जाम – अब जल्द ही आंशिक रूप से कम होने वाला है। यहां निर्माणाधीन अंडरपास का काम तेजी से अंतिम चरण में पहुंच रहा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर अंडरपास और आसपास की सड़कों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जल्द से जल्द स्लैब (छत) का कार्य पूरा कर इसे वाहनों के लिए खोल दिया जाए।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चल रही ये परियोजनाएं केवल सड़क और अंडरपास तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये पूरे क्षेत्र के ट्रैफिक सिस्टम को नया रूप देने जा रही हैं। यदि अंडरपास और 60-80-130 मीटर रोड समय पर तैयार हो जाते हैं तो लाखों लोगों को जाम से छुटकारा मिलेगा और सफर भी सुरक्षित बनेगा।

वाहन चालकों को मिलेगी आंशिक राहत

जानकारी के अनुसार, अंडरपास की छत का काम लगभग पूरा होने वाला है। जैसे ही यह कार्य पूरा होगा, इस पर से वाहन गुजरना शुरू कर देंगे। हालांकि, अंडरपास के दोनों ओर का काम पूरी तरह खत्म होने में अभी करीब छह माह का समय लगेगा। सीईओ ने साफ कहा कि जब तक पूरा अंडरपास तैयार नहीं हो जाता, तब तक आंशिक रूप से राहत देकर ट्रैफिक बोझ कम करना ज़रूरी है।

पैदल घूमकर किया निरीक्षण

सीईओ एनजी रवि कुमार ने अंडरपास के चारों ओर पैदल घूमकर निर्माण कार्य की बारीकी से जांच की। मौके पर मौजूद वर्क सर्किल-1 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर ने उन्हें कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी दी। सीईओ ने सर्विस रोड की मरम्मत और चौड़ाई बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि जाम की समस्या और न बढ़े।

फुटओवर ब्रिज और लिफ्ट पर विशेष ध्यान

निरीक्षण के दौरान सीईओ ने फुटओवर ब्रिज को भी देखा। उन्होंने वहां लगी लिफ्ट का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पैदल यात्रियों और बुजुर्गों को दिक्कत न हो।

IMG 20250909 WA0043 converted
चार मूर्ति चौक पर अंडरपास से जल्द मिलेगी आंशिक राहत, सीईओ एनजी रवि कुमार ने लिया निर्माण कार्यों का जायजा

60 मीटर, 80 मीटर और 130 मीटर रोड का भी लिया जायजा

अंडरपास के बाद सीईओ 60 मीटर रोड पहुंचे। उन्होंने सर्विस रोड को चौड़ा करने और मरम्मत करने के आदेश दिए। इसके बाद वे 80 मीटर रोड का निरीक्षण करने पहुंचे, जहां ऐस सिटी के पास से 60 मीटर और 130 मीटर रोड को जोड़ने वाली सड़क देखी। यह सड़क लगभग पूरी हो चुकी है, लेकिन 100 मीटर हिस्से में भूमि विवाद के कारण अधर में लटकी हुई है। सीईओ ने अधिकारियों को इसे प्राथमिकता से सुलझाने के निर्देश दिए।

साथ ही, 130 मीटर रोड और बस-वे परियोजना का भी उन्होंने जायजा लिया और कहा कि इसे इसी वित्तीय वर्ष में पूरा किया जाए।

रविवार को एसीईओ ने भी लिया था जायजा

गौरतलब है कि विगत रविवार को एसीईओ सुमित यादव ने भी ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सड़कों और ट्रैफिक का जायजा लिया था। उन्होंने सबसे पहले चार मूर्ति चौक अंडरपास का निरीक्षण किया और कार्य की गुणवत्ता जांची। इसके बाद वे गौड़ सिटी-2 के 12वें एवेन्यू के सामने पहुंचे, जहां निवासियों ने सड़क सुधार और सेंट्रल वर्ज पर आरसीसी वाल बनाने की मांग रखी। एसीईओ ने इसके अलावा सेक्टर-4 की सड़कों को भी देखा और तुरंत गड्ढे भरने के आदेश दिए।

निवासियों को जाम से बड़ी उम्मीद

चार मूर्ति चौक से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। सुबह-शाम के समय यहां जाम लगना आम बात है। निवासियों को उम्मीद है कि अंडरपास का आंशिक उद्घाटन होने के बाद राहत जरूर मिलेगी। लोगों का कहना है कि प्राधिकरण अगर तय समयसीमा में काम पूरा करता है तो ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सबसे बड़ी समस्या खत्म हो जाएगी।

रफ़्तार टुडे की न्यूज़
Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Back to top button