Breaking News : “मेट्रो नहीं तो भविष्य जाम!”, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में उठी सबसे बड़ी जनआवाज़, RWAs, सामाजिक संस्थाएं और हजारों निवासी एक मंच पर; अब PM-CM से सीधी गुहार, ऑनलाइन याचिका को मिला हजारों लोगों का समर्थन, “यह केवल मेट्रो नहीं, लाखों लोगों के भविष्य की मांग

ग्रेटर नोएडा वेस्ट, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की लाखों आबादी अब केवल फ्लैटों और ऊंची इमारतों तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि उन्हें अब अपने क्षेत्र के लिए मजबूत और आधुनिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम भी चाहिए। वर्षों से फाइलों और मंजूरियों के बीच अटकी ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना को लेकर अब जनआंदोलन जैसी स्थिति बनती दिखाई दे रही है। क्षेत्र के निवासी, सामाजिक संस्थाएं, आरडब्ल्यूए और विभिन्न संगठन अब खुलकर एकजुट हो गए हैं और सरकार से साफ शब्दों में कह रहे हैं—“अब और इंतजार नहीं, ग्रेटर नोएडा वेस्ट को तुरंत मेट्रो चाहिए।”
गौतम बुद्ध नगर विकास समिति द्वारा शुरू की गई इस मुहिम ने अब बड़ा स्वरूप ले लिया है। समिति ने प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को औपचारिक पत्र भेजकर मेट्रो डीपीआर (Detailed Project Report) को तत्काल मंजूरी देने की मांग की है। खास बात यह है कि अब यह केवल एक संगठन की मांग नहीं रह गई, बल्कि हजारों परिवारों की सामूहिक आवाज बन चुकी है।
हाईराइज इमारतें बढ़ीं, लेकिन ट्रांसपोर्ट आज भी बेहाल
ग्रेटर नोएडा वेस्ट आज एनसीआर का सबसे तेजी से विकसित होने वाला रिहायशी क्षेत्र माना जाता है। यहां हजारों हाईराइज सोसाइटियां बन चुकी हैं और लाखों लोग निवास कर रहे हैं। लेकिन आबादी के अनुपात में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अब भी बेहद कमजोर मानी जाती है।
हर रोज लाखों लोग नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद और गुरुग्राम आने-जाने के लिए घंटों ट्रैफिक में फंसते हैं। सुबह और शाम के समय प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम आम बात बन चुका है। ऐसे में मेट्रो परियोजना अब केवल सुविधा नहीं, बल्कि क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकता बन गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर समय रहते मेट्रो को मंजूरी नहीं मिली तो आने वाले वर्षों में यहां ट्रैफिक और जनसुविधाओं का संकट गंभीर रूप ले सकता है।
अब एकजुट हुईं कई बड़ी संस्थाएं और RWAs
इस अभियान को अब लगातार समर्थन मिल रहा है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा की कई प्रमुख सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWAs) ने इस मांग को लेकर समर्थन पत्र जारी किए हैं। इस मुहिम से जुड़ने वाली प्रमुख संस्थाओं में— नवरत्न फाउंडेशन, एक्टिव एनजीओ, नोवरा, नोफा, हेल्पिंग हैंड्स, चैलेंजर ग्रुप, नारी प्रगति सोशल फाउंडेशन, एथोमार्ट चैरिटेबल ट्रस्ट जैसी संस्थाएं शामिल हैं। वहीं, गौड़ सिटी की फर्स्ट एवेन्यू AOA और सेवियर ग्रीनआर्क जैसी बड़ी आवासीय सोसाइटियों की एओए भी इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हो चुकी हैं।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री तक पहुंची मांग
गौतम बुद्ध नगर विकास समिति ने बताया कि यह अभियान केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रखा गया है। प्रशासनिक और सरकारी स्तर पर भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। समिति द्वारा प्रधानमंत्री कार्यालय और मुख्यमंत्री कार्यालय को विस्तृत मांग पत्र रजिस्टर्ड स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा गया। जानकारी के अनुसार, यह पत्र 22 अप्रैल को आधिकारिक रूप से प्राप्त भी कर लिया गया है।
इसके अलावा PMO पोर्टल पर भी शहरी विकास विभाग और उत्तर प्रदेश सरकार से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। इन शिकायतों को लखनऊ और दिल्ली स्तर के संबंधित अधिकारियों को आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
ऑनलाइन याचिका को मिला हजारों लोगों का समर्थन
समिति द्वारा Change.org पर शुरू की गई ऑनलाइन याचिका को अब तक 3000 से अधिक लोगों का समर्थन मिल चुका है। लगातार लोग इस मुहिम से जुड़ रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी मेट्रो की मांग तेज होती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि— “जब लाखों लोग यहां रह रहे हैं, हजारों छात्र और नौकरीपेशा लोग रोज सफर कर रहे हैं, तो फिर मेट्रो जैसी मूलभूत सुविधा में इतनी देरी क्यों?” लोगों का कहना है कि मेट्रो आने से न केवल ट्रैफिक कम होगा, बल्कि प्रदूषण पर भी नियंत्रण मिलेगा और लोगों का समय तथा पैसा दोनों बचेंगे।
“यह केवल मेट्रो नहीं, लाखों लोगों के भविष्य की मांग”
गौतम बुद्ध नगर विकास समिति की अध्यक्ष रश्मि पाण्डेय ने कहा कि सामाजिक संस्थाओं और RWAs का समर्थन इस अभियान को नई ताकत दे रहा है। उन्होंने कहा—
“यदि समय रहते मेट्रो परियोजना को मंजूरी नहीं मिली तो आने वाले समय में ग्रेटर नोएडा वेस्ट की समस्याएं और गंभीर हो जाएंगी। यह परियोजना क्षेत्र के भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।” वहीं समिति के सचिव अनूप कुमार सोनी ने कहा— “यह केवल मेट्रो की मांग नहीं, बल्कि सुरक्षित यात्रा, समय की बचत, बेहतर जीवन गुणवत्ता और लाखों लोगों के उज्ज्वल भविष्य की मांग है। अब सरकार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट की वास्तविक जरूरतों को समझना होगा।”
मेट्रो से बदल सकती है पूरे क्षेत्र की तस्वीर
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना को जल्द मंजूरी मिलती है तो इससे—
ट्रैफिक दबाव कम होगा
प्रदूषण में कमी आएगी
अब जनता का सवाल—“मेट्रो कब?”
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों का कहना है कि उन्होंने वर्षों तक आश्वासन सुने हैं, लेकिन अब उन्हें जमीन पर काम दिखाई देना चाहिए। क्षेत्र की आबादी तेजी से बढ़ रही है और आने वाले समय में यह एनसीआर के सबसे बड़े रिहायशी केंद्रों में शामिल होगा। ऐसे में मजबूत पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम के बिना विकास अधूरा माना जाएगा।
अब सभी की निगाहें सरकार और संबंधित विभागों पर टिकी हैं कि आखिर ग्रेटर नोएडा वेस्ट की बहुप्रतीक्षित मेट्रो परियोजना को कब हरी झंडी मिलती है।



