नोएडाअथॉरिटीगौतमबुद्ध नगरटॉप न्यूजताजातरीन

Noida News : बारिश से पहले नोएडा में ‘ऑपरेशन मानसून’ शुरू!, अब नहीं डूबेंगी सड़कें, हॉटस्पॉट पर 24 घंटे तैनात रहेंगे हेवी-ड्यूटी पंप, सीवर बैकफ्लो रोकने के लिए अपनाए जाएंगे आधुनिक तकनीकी उपाय, यातायात प्रभावित न हो, इस पर रहेगा विशेष फोकस, विधायक पंकज सिंह ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश

नोएडा, रफ़्तार टूडे। मानसून के हर सीजन में जलभराव, जाम और सीवर बैकफ्लो से जूझने वाले नोएडा के लोगों के लिए इस बार राहत भरी खबर सामने आई है। आगामी बारिश को देखते हुए नोएडा प्रशासन ने समय रहते व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर को जलभराव से बचाने के लिए ‘ऑपरेशन मानसून’ के तहत विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने सेक्टर-27 स्थित नोएडा क्लब में नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर साफ शब्दों में निर्देश दिए कि इस बार बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव, सीवर बैकफ्लो या सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में शहर के सभी संवेदनशील स्थानों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मानसून शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। खासतौर पर उन इलाकों पर विशेष फोकस रखने को कहा गया जहां हर वर्ष बारिश के दौरान लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

जलभराव वाले सभी हॉटस्पॉट की होगी विशेष निगरानी

समीक्षा बैठक में शहर के उन सभी स्थानों की पहचान की गई जहां हर साल बारिश के दौरान सड़कें तालाब में बदल जाती हैं। इन स्थानों में प्रमुख चौराहे, अंडरपास, लो-लाइंग एरिया और अधिक जलभराव वाले इलाके शामिल हैं।

Raftar Today banner 1 4
Advertisement

विधायक पंकज सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी स्थानों पर पहले से ही हेवी-ड्यूटी हाई कैपेसिटी पंप तैनात किए जाएं ताकि बारिश शुरू होते ही पानी को तेजी से निकाला जा सके। इसके अलावा कंट्रोल रूम से इन क्षेत्रों की लगातार मॉनिटरिंग करने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त मशीनरी तत्काल भेजने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल बारिश के बाद राहत पहुंचाना नहीं, बल्कि जलभराव की स्थिति बनने से पहले ही उसे रोकना होना चाहिए।

नालों की सफाई में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

बैठक में FONRWA अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने कहा कि शहर के मुख्य नालों, ड्रेनेज सिस्टम और सीवर नेटवर्क की भी विस्तृत समीक्षा की गई। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी बड़े और छोटे नालों की सफाई युद्धस्तर पर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी नाले में सिल्ट जमा रहती है तो बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित हो जाती है और उसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ता है। इसलिए सभी नालों से समयबद्ध तरीके से सिल्ट हटाई जाए तथा निकासी व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु बनाया जाए।

साथ ही सेक्टरों के अलावा गांवों में स्थित नालियों की भी नियमित सफाई करने के निर्देश दिए गए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

सीवर बैकफ्लो रोकने के लिए अपनाए जाएंगे आधुनिक तकनीकी उपाय

विधायक पंकज सिंह ने कहा कि बारिश के दौरान कई क्षेत्रों में सीवर का गंदा पानी सड़कों और घरों तक पहुंचने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बैठक में इंजीनियरिंग विंग को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।

नोएडा प्राधिकरण की ACEO वंदना त्रिपाठी से कहा गया कि ऐसी तकनीकी व्यवस्था विकसित की जाए जिससे भारी वर्षा के समय सीवर लाइन पर अतिरिक्त दबाव न पड़े और बैकफ्लो की स्थिति पूरी तरह रोकी जा सके। इसके अलावा जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त ड्रेनेज नेटवर्क विकसित करने तथा पुराने सिस्टम की मरम्मत भी समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए।

FB IMG 1783523861864 converted 1

यातायात प्रभावित न हो, इस पर रहेगा विशेष फोकस

मानसून के दौरान सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक जाम की होती है। जलभराव के कारण कई प्रमुख मार्गों पर घंटों तक वाहन फंस जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विधायक पंकज सिंह ने निर्देश दिया कि प्रमुख सड़कों, चौराहों और अंडरपासों पर जलभराव किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए। यदि कहीं पानी जमा होने की संभावना बनती है तो तत्काल पंपों के माध्यम से निकासी सुनिश्चित की जाए ताकि यातायात सामान्य बना रहे।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शहरवासियों को मानसून के दौरान न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

वरिष्ठ अधिकारियों ने तैयारियों का दिया भरोसा

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) वंदना त्रिपाठी, दोनों जनरल मैनेजर, जल, सिविल और जनस्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि मानसून शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। हॉटस्पॉट पर मशीनरी, सफाई कर्मियों और तकनीकी टीमों की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

इस बार मानसून में राहत देने की तैयारी

नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि इस वर्ष मानसून को लेकर पहले से ही विस्तृत रणनीति तैयार की गई है। हॉटस्पॉट पर हेवी-ड्यूटी पंपों की तैनाती, नालों की समयबद्ध सफाई, सीवर सिस्टम को मजबूत बनाने, जल निकासी की लगातार निगरानी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से इस बार जलभराव की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। यदि सभी तैयारियां तय समय पर पूरी होती हैं तो इस बार बारिश के दौरान नोएडा के लाखों लोगों को जलभराव, ट्रैफिक जाम और सीवर बैकफ्लो जैसी समस्याओं से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।


रफ़्तार टूडे की न्यूज

Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button