UP BJYM News : 2027 मिशन का बिगुल ग्रेटर नोएडा से!, भाजपा युवा मोर्चा के नए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा का ऐतिहासिक स्वागत, कार्यकर्ताओं में जोश, तीसरी बार सरकार बनाने का संकल्प, संगठन विस्तार, सोशल मीडिया और बूथ सशक्तिकरण पर हुई चर्चा
भाजपा प्रदेश मंत्री महामेधा नागर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी युवाओं को नेतृत्व देने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि डॉ. रोहित मिश्रा के नेतृत्व में प्रदेशभर में युवा मोर्चा और अधिक सक्रिय होगा तथा संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी।, जिला अध्यक्ष एडवोकेट अभिषेक शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा संगठन की सबसे सक्रिय और ऊर्जावान इकाई है। उन्होंने कहा कि डॉ. रोहित मिश्रा जैसे युवा नेतृत्व के आने से प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच गौतमबुद्ध नगर में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा का भव्य स्वागत किया गया। शनिवार को तिलपता स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा, माल्यार्पण और जोरदार नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। पूरे परिसर में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से माहौल उत्साह और जोश से भर गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट अभिषेक शर्मा ने किया। समारोह में जिला पदाधिकारी, भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। राजनीतिक दृष्टि से इस कार्यक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश की आधारशिला : डॉ. रोहित मिश्रा
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें जो दायित्व सौंपा है, उसका वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी का सबसे सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा कार्यकर्ता को “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ समाज के बीच कार्य करना होगा और केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन मॉडल को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

2027 विधानसभा चुनाव के लिए अभी से बूथ स्तर पर जुटने का आह्वान
डॉ. रोहित मिश्रा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान चलाने, नए युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनता के विश्वास और भाजपा सरकार के विकास कार्यों के आधार पर पार्टी वर्ष 2027 में लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
भाजपा युवाओं को अवसर ही नहीं, नेतृत्व भी देती है : महामेधा नागर
भाजपा प्रदेश मंत्री महामेधा नागर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी युवाओं को नेतृत्व देने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि डॉ. रोहित मिश्रा के नेतृत्व में प्रदेशभर में युवा मोर्चा और अधिक सक्रिय होगा तथा संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत के निर्माण का सहभागी बन रहा है और भाजपा युवाओं को केवल अवसर ही नहीं बल्कि जिम्मेदारी भी सौंप रही है।
युवा मोर्चा भाजपा की सबसे ऊर्जावान इकाई : अभिषेक शर्मा
भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट अभिषेक शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा संगठन की सबसे सक्रिय और ऊर्जावान इकाई है। उन्होंने कहा कि डॉ. रोहित मिश्रा जैसे युवा नेतृत्व के आने से प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को प्रत्येक गांव, वार्ड और परिवार तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि गौतमबुद्ध नगर भाजपा संगठन आगामी सभी अभियानों में पूरी मजबूती के साथ कार्य करेगा।

संगठन विस्तार, सोशल मीडिया और बूथ सशक्तिकरण पर हुई चर्चा
स्वागत समारोह के दौरान संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, सोशल मीडिया की प्रभावी भूमिका, बूथ सशक्तिकरण, युवा संवाद कार्यक्रम तथा आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। युवा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष के साथ संवाद कर अपने सुझाव भी साझा किए। कार्यक्रम में यह भी संदेश दिया गया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा केवल चुनावी गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, शिक्षा जागरूकता, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों में भी युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा।
ये पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री महामेधा नागर, भाजयुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुखविंदर सोम, जिला महामंत्री अनुज कश्यप, धर्मेन्द्र कोरी, सतेन्द्र नागर, अरुण प्रधान, अरुण यादव, भाजयुमो जिला अध्यक्ष राज नागर, जिला मीडिया प्रभारी करमवीर आर्य, शक्ति रावल सहित जिला एवं मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, युवाओं को जोड़ने तथा आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया।



