ब्रेकिंग न्यूज़अथॉरिटीगौतमबुद्ध नगरग्रेटर नोएडाताजातरीननोएडाप्रशासन

Breaking News : “बेसमेंट में डूबा एक इंजीनियर, सिस्टम में डूबा इंसाफ!, ”युवराज की मौत ने फिर उघाड़ा नोएडा स्पोर्ट्स सिटी का सड़ा सच, इंजीनियर की गैर-इरादतन हत्या का मामला, स्पोर्ट्स सिटी की गहराइयों में दबा सच, निर्मल सिंह के भ्रष्टाचार पर कब चलेगा कानून का बुलडोज़र?

नोएडा, रफ़्तार टूडे। नोएडा के सेक्टर-150 में रविवार रात जो हुआ, वह सिर्फ एक युवा इंजीनियर की मौत नहीं थी, बल्कि व्यवस्था की लापरवाही, भ्रष्टाचार और वर्षों से दबे घोटालों का सामूहिक परिणाम था। निर्माणाधीन स्पोर्ट्स सिटी के एक बेसमेंट में पानी भरने से डूबकर हुई इंजीनियर युवराज की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या नोएडा में कानून सिर्फ कमजोरों के लिए है और बड़े नाम हमेशा सिस्टम से बच निकलते रहेंगे?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने नोएडा पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर चुकी हैं। लेकिन जनता के मन में जो सबसे बड़ा सवाल है, वह यह कि—क्या इस जांच का सिरा असली दोषियों तक पहुंचेगा या फिर यह भी एक ‘हादसा’ बनकर फाइलों में दफन हो जाएगा?


हादसा या सुनियोजित लापरवाही?
युवराज जिस बेसमेंट में डूबा, वह कोई सामान्य स्थान नहीं था। वह बेसमेंट उस स्पोर्ट्स सिटी परियोजना का हिस्सा है, जो वर्षों से नोएडा प्राधिकरण की नाक के नीचे अव्यवस्थाओं और अनियमितताओं का अड्डा बनी हुई है। बारिश का पानी, बिना निकासी, अधूरा निर्माण और सुरक्षा के नाम पर शून्य इंतज़ाम—ये सब मिलकर युवराज की जान ले बैठे।
यदि समय रहते परियोजना में नियमों के अनुसार विकास होता, यदि बेसमेंट को सुरक्षित किया गया होता, यदि निर्माणाधीन स्थल पर निगरानी होती—तो शायद आज युवराज जिंदा होता।

स्पोर्ट्स सिटी: सपनों की परियोजना या घोटालों की प्रयोगशाला?
नोएडा सेक्टर-150 की स्पोर्ट्स सिटी कभी शहर की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में गिनी जाती थी। योजना थी कि यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं, योग केंद्र और स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित होगा। शर्त साफ थी—
70 प्रतिशत भूमि खेल गतिविधियों के लिए और केवल 30 प्रतिशत भूमि आवासीय व व्यावसायिक उपयोग के लिए।
लेकिन यह सपना बहुत जल्द भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। आरोप है कि यह पूरा भूखंड थ्री-सी ग्रुप के कुख्यात चेहरा निर्मल सिंह को सौंपा गया, जिसने नियमों को ताक पर रखकर इस परियोजना को निजी कमाई का जरिया बना लिया।


450 करोड़ का कर्ज, विकास शून्य
निर्मल सिंह ने स्पोर्ट्स सिटी के विकास और प्राधिकरण के बकाये के नाम पर एक निजी वित्तीय संस्था से लगभग 450 करोड़ रुपये का कर्ज लिया। चौंकाने वाली बात यह है कि—
न खेल सुविधाएं बनीं
न प्राधिकरण का बकाया चुकाया गया
और न ही परियोजना पूरी हुई
आरोप है कि यह पूरी रकम कागज़ों में विकास दिखाकर हड़प ली गई। सवाल यह भी है कि जब प्राधिकरण ने भूखंड को गिरवी रखने की अनुमति दी, तो उसके बाद निगरानी क्यों नहीं की गई?

24 हिस्सों में बंटा भूखंड, खरीदारों की बर्बादी
इतना ही नहीं, स्पोर्ट्स सिटी के भूखंड को कथित तौर पर 24 टुकड़ों में काटकर गोदरेज, प्रतीक ग्रुप जैसे नामी बिल्डरों को बेच दिया गया। नतीजा यह हुआ कि—
खरीदारों के फ्लैट अधूरे रह गए
बैंक और वित्तीय संस्थाएं कर्ज के लिए अदालत पहुंच गईं
बिल्डर, खरीदार और प्राधिकरण—तीनों आपस में उलझ गए
आज स्थिति यह है कि स्पोर्ट्स सिटी एक उजाड़, खतरनाक और विवादों से भरा इलाका बन चुकी है, जहां जान का जोखिम हर कदम पर है।


क्या प्राधिकरण के भीतर भी ‘खेल’ चल रहा है?
सबसे गंभीर आरोप यह हैं कि नोएडा प्राधिकरण के भीतर आज भी ऐसे लोग मौजूद हैं, जो निर्मल सिंह के प्रभाव में काम कर रहे हैं। यहां तक कहा जा रहा है कि कुछ कर्मचारियों को वेतन तक बाहर से मिलता है। यदि SIT इस एंगल की जांच करती है, तो शायद कई बड़े नाम बेनकाब हो सकते हैं।

न्याय की उम्मीद या फिर एक और फाइल?
इंजीनियर युवराज की मौत सिर्फ एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम पर सवाल है। यदि इस मामले में भी जांच छोटे लोगों की गिरफ्तारी तक सिमट गई और बड़े मगरमच्छ बच निकले, तो यह न्याय नहीं बल्कि एक और प्रशासनिक विफलता होगी।
अब निगाहें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, SIT और पुलिस कमिश्नरेट पर टिकी हैं।
क्या इस बार स्पोर्ट्स सिटी का सच पूरी तरह बेनकाब होगा?
या फिर युवराज की मौत भी फाइलों में दबकर रह जाएगी?


एक गिरफ्तारी और कई सवाल
जिस भूखंड के बेसमेंट में युवराज की मौत हुई, उसके स्वामी कुंवर अभय सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया गया है कि उन्होंने सुरक्षा के लिए बेरीकेडिंग की थी, लेकिन इसी पर नोएडा प्राधिकरण ने 6 लाख रुपये की पेनाल्टी ठोक दी।
अब सवाल उठता है—सुरक्षा करने पर पेनाल्टी क्यों?
क्या यह भी सिस्टम की उलटी कार्यशैली का उदाहरण नहीं?

पांच दिन की जांच, सालों का सच
SIT को सिर्फ पांच दिन में जांच पूरी करनी है। ऐसे में यह आशंका गहराती जा रही है कि कहीं यह जांच भी सिर्फ औपचारिकता बनकर न रह जाए।
युवराज की मौत ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि भ्रष्टाचार केवल कागज़ों में नहीं, बल्कि ज़िंदगियाँ निगल रहा है।
अब देखना यह है कि क्या यह मामला—सिर्फ एक “दुर्घटना” कहकर भुला दिया जाएगा
या फिर स्पोर्ट्स सिटी के नाम पर हुए अरबों के खेल का पर्दाफाश होगा
युवराज को इंसाफ मिलेगा या नहीं, इसका जवाब आने वाले दिन देंगे। लेकिन इतना तय है कि इस मौत ने नोएडा की व्यवस्था पर एक गहरा, भावनात्मक और असहज सवाल छोड़ दिया है— अगला युवराज कौन?

रफ़्तार टूडे की न्यूज
Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Back to top button