आम मुद्दे

पर्थला फ्लाईओवर की लाइटिंग ‘मुंबई सी-लिंक’ की तरह होगी, रंग बिरंगी रोशनी से जगमगाएगा

नोएडा, रफ्तार टुडे।
मुंबई में समुंदर पर बने बांद्रा-वर्ली ब्रिज की तरह पर्थला गोलचक्कर पर बने सिग्नेचर ब्रिज की लाइटिंग होगी। नीचे से फसाड लाइटिंग होगी तो ऊपर से गोबो प्रॉजेक्शन लगाए जाएंगे। फ्लाईओवर में लगा हर केबल अलग-अलग रंग की रोशनी में नजर आएगा। यही नहीं इस रोशनी का रंग भी बदलेगा। नोएडा अथॉरिटी ने फ्लाईओवर पर विशेष लाइटिंग की डीपीआर तैयार कर इसका टेंडर भी जारी कर दिया है। फ्लाईओवर की लाइटिंग अथॉरिटी जी-20 सम्मेलन की तैयारी में भी करवा रही है। इसमें करीब 1 करोड़ 27 लाख रुपये लागत का अनुमान है।

केबल सस्पेंशन पर बन रहे फ्लाईओवर का काम अब अंतिम दौर में पहुंच चुका है। स्ट्रक्चर और केबल के साथ पूरे प्रॉजेक्ट में करीब 98 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। बीच में बने आसपास दो पिलर को आपस में बीम (कंक्रीट और स्टील के स्ट्रक्चर) से जोड़ा गया है। यह बीम मजबूत होने के साथ उसको सपोर्ट देने के लिए लगाई गई शटरिंग हटा दी जाएगी। इसके साथ ही गेट पर पर्थला ब्रिज लिखवाया गया है।

यह फ्लाईओवर खुल जाने से नोएडा और ग्रेनो वेस्ट के बीच आवागमन आसान होगा। ग्रेनो वेस्ट की बड़ी आबादी हर दिन इस रास्ते से गुजरती है। यहां गोल चक्कर पर लगने वाले जाम में हजारों लोग सुबह और शाम पीक आवर में फंसते हैं। इस समस्या को दूर करवाने के लिए ही अथॉरिटी ये फ्लाईओवर बनवा रही है। फ्लाईओवर का निर्माण जनवरी 2021 में शुरू हुआ था। लागत करीब 81.51 करोड़ रुपये अनुमानित है। फ्लाईओवर का यह प्रॉजेक्ट अथॉरिटी के प्रियारिटी प्रॉजेक्ट में शामिल है।

Related Articles

Back to top button