Breaking News : "यमुना नदी के उफान से हिल गया गौतमबुद्ध नगर, प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने शरणालयों, कम्युनिटी किचन, अस्थायी पाठशाला और गौशाला तक का किया गहन निरीक्षण – बोले, ‘सरकार हर संकट की घड़ी में आपके साथ’", DM ने शरणालय का किया दौरा – प्रभावितों का लिया फीडबैक

गौतम बुद्ध नगर, रफ़्तार टुडे।
यमुना नदी का बढ़ा जलस्तर एक ओर जहां हजारों परिवारों के जीवन में संकट लेकर आया है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश सरकार और प्रशासन हर प्रभावित तक राहत पहुंचाने के लिए मुस्तैदी से जुटे हुए हैं। इसी क्रम में रविवार को जनपद के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह स्वयं ग्रेटर नोएडा सेक्टर-135 स्थित शरणालय पहुंचे और वहां रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद किया। उन्होंने भोजन, पानी, चिकित्सा, बच्चों की शिक्षा और पशुधन की देखभाल तक की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर यह संदेश दिया कि “जब तक योगी सरकार है, तब तक किसी गरीब को डरने की जरूरत नहीं।”
गौतमबुद्ध नगर में यमुना का बढ़ा जलस्तर निश्चित रूप से एक चुनौती है, लेकिन सरकार और प्रशासन की मुस्तैदी प्रभावित परिवारों को राहत और सुरक्षा का भरोसा दिला रही है। प्रभारी मंत्री का स्थलीय निरीक्षण न सिर्फ व्यवस्था की सच्चाई को सामने लाया बल्कि प्रभावितों को यह विश्वास भी दिलाया कि “सरकार हर कदम पर आपके साथ है।”
शरणालय का दौरा – प्रभावितों का लिया फीडबैक
मंत्री बृजेश सिंह ने सबसे पहले सेक्टर-135 के शरणालय का दौरा किया। यहां उन्होंने परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। परिवारों ने बताया कि भोजन, शुद्ध पेयजल और आवास की सुविधाएं उन्हें नियमित मिल रही हैं। मंत्री ने इस पर संतोष जताया और कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि संकट की घड़ी में कोई भी व्यक्ति असुरक्षित या बेसहारा महसूस न करे।
कम्युनिटी किचन – भूख से राहत
शरणालय में स्थापित कम्युनिटी किचन का भी प्रभारी मंत्री ने निरीक्षण किया। यहां उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और मात्रा को जांचा। उन्होंने कहा कि “सरकार ने सुनिश्चित किया है कि हर थाली में पर्याप्त और पौष्टिक भोजन पहुंचे। कोई भी बच्चा या परिवार भूखा न रहे।”
अस्थायी पाठशाला – बच्चों की पढ़ाई बनी प्राथमिकता
मंत्री ने शरणालय में संचालित अस्थायी पाठशाला का निरीक्षण किया, जहां लेखपाल बच्चों को पढ़ा रहे थे। उन्होंने इस पहल की तारीफ करते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। यदि जरूरत पड़ी तो शिक्षकों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
इस दौरान मंत्री ने बच्चों को चप्पलें, पठन सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं वितरित कर उनका हौसला बढ़ाया।
पशुधन की सुरक्षा – गौशाला का निरीक्षण
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से रेस्क्यू कर लाए गए पशुओं के लिए बनाई गई अस्थायी गौशाला का भी प्रभारी मंत्री ने दौरा किया। यहां उन्होंने गाय को फूलमाला पहनाई और गुड़ खिलाकर गोसेवा का संदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पशुओं के लिए पर्याप्त चारा, पानी और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहे।
टेंट में रह रहे परिवारों से संवाद
मंत्री बृजेश सिंह सेक्टर-150 के बाढ़ प्रभावित इलाकों में भी पहुंचे, जहां कुछ परिवार टेंट लगाकर रह रहे थे। उन्होंने इन परिवारों से आग्रह किया कि वे प्रशासन द्वारा बनाए गए शरणालयों में स्थानांतरित हों। उन्होंने कहा कि शरणालय में रहना ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक है, क्योंकि वहां हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध है।
सरकार का संदेश – संकट की घड़ी में हम आपके साथ
निरीक्षण के बाद मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश सरकार हर जरूरी कदम उठा रही है। चाहे इंसान हों या पशुधन, किसी को भी संकट का सामना अकेले नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए कि राहत और बचाव कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त न की जाए।
निरीक्षण में रहे मौजूद प्रमुख चेहरे
इस निरीक्षण अभियान में दादरी विधायक तेजपाल सिंह नगर, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिलाधिकारी मेधा रूपम, एसीईओ संजय खत्री, एडीएम अतुल कुमार, एसडीएम आशुतोष गुप्ता, पीडब्ल्यूडी की अधिशासी अभियंता कंचन और तहसीलदार प्रतीक चौहान समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



