अथॉरिटीआम मुद्देताजातरीननोएडा

Noida Authority News : सीईओ डॉ लोकेश एम का सख़्त एक्शन मोड ग्राम सदरपुर में निरीक्षण, अवैध अतिक्रमण से लेकर पानी–बिजली तक हर समस्या पर त्वरित निर्देश, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

नोएडा, रफ़्तार टूडे। आज दिनांक 14 जनवरी 2026 को नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा ग्राम सतपुरा का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही नागरिक समस्याओं का मौके पर जाकर समाधान सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रभारी तथा ग्रामवासी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
निरीक्षण के समय नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (प्रोजेक्ट), महाप्रबंधक (जल), महाप्रबंधक (सिविल), विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामवासियों ने सीईओ के समक्ष सड़क, जलापूर्ति, सफाई, जलभराव, स्ट्रीट लाइट और अतिक्रमण जैसी समस्याएं रखीं, जिनका मौके पर संज्ञान लेते हुए सीईओ ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

सड़क सुरक्षा और अतिक्रमण पर सख्ती
सीईओ ने निर्देश दिए कि एनटीपीसी से ग्रेटर नोएडा जाने वाले मार्ग पर सेक्टर-41 व 42 के समीप तेज रफ्तार वाहनों के कारण हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं। साथ ही, ग्राम सदरपुर में सेक्टर-42 की खाली भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई झुग्गियों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


ट्रैफिक व्यवस्था और सड़क चौड़ीकरण
ग्रामवासियों की मांग पर मुख्य सड़क पर वाहनों की भीड़ और जाम की समस्या को देखते हुए मार्ग को चौड़ा करने का निर्णय लिया गया। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेक्टर-42 से 43 की ओर लगभग 100 मीटर दूरी तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य जल्द पूरा किया जाए, ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।


सफाई, जलभराव और सीवर व्यवस्था पर फोकस
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि नालों की सफाई के दौरान मिट्टी और मलबा वहीं छोड़ दिया जाता है, जिससे पुनः जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। इस पर सीईओ ने नाराजगी जताते हुए सफाई के बाद तत्काल कंक्रीटीकरण कराने और नालों को पूरी तरह दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
ग्राम में पानी की पाइपलाइन और जलापूर्ति लाइनों के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, तथा सीवर लाइन के लंबित कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा करने के आदेश भी दिए गए।


स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
निरीक्षण के दौरान ग्रामवासियों ने स्थायी स्वास्थ्य सुविधा की मांग उठाई। इस पर सीईओ ने ग्राम में अस्थायी स्वास्थ्य कैंप लगाने और भविष्य में स्थायी हेल्थ सेंटर स्थापित करने की दिशा में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए। साथ ही, नियमित साफ-सफाई और कीटनाशक छिड़काव के आदेश भी जारी किए गए।

रेहड़ी–पटरी और बाजार व्यवस्था
ग्राम के सोम बाजार के समीप अनियंत्रित रूप से लगी रेहड़ी–पटरी के कारण गंदगी और अव्यवस्था पर सीईओ ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने वर्क सर्किल को निर्देश दिए कि अवैध रेहड़ी–पटरी तत्काल हटाई जाएं, और भविष्य में नियोजित स्थान पर ही दुकानदारों को बैठने की अनुमति दी जाए, ताकि यातायात और स्वच्छता दोनों प्रभावित न हों।


सीवेज, जल निकासी और जलापूर्ति सुधार
निरीक्षण में सामने आया कि एफसीटीएस (FCTS) स्टोर के पास जलभराव की समस्या बनी रहती है। सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवेज और ग्राउंड वाटर निकासी की व्यवस्था सुधारते हुए स्थायी समाधान निकाला जाए।
इसके अतिरिक्त, ग्राम में इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन (IPS) के निर्माण कार्य को जनवरी माह के अंत तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि पानी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।


स्ट्रीट लाइट, पार्क और सामुदायिक सुविधाएं
सीईओ ने ग्राम की विभिन्न गलियों में स्ट्रीट लाइट लगाने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, शिव मंदिर के पास ओपन जिम स्थापित करने, तथा खेल मैदान को विकसित करने के भी निर्देश दिए। ग्राम के प्रवेश द्वार के पास क्षतिग्रस्त सड़क को 100 मीटर तक दुरुस्त कराने के आदेश दिए गए।

समयसीमा तय, जवाबदेही सुनिश्चित
निरीक्षण के अंत में सीईओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सिविल और विद्युत विभाग फरवरी माह के अंत तक अपने कार्य पूर्ण करें, जबकि स्वास्थ्य विभाग तीन दिनों के भीतर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करे। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने ग्रामवासियों से संवाद करते हुए भरोसा दिलाया कि सतपुरा को बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा और प्रशासन पूरी गंभीरता से गांव के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

रफ़्तार टूडे की न्यूज
Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Back to top button