Breaking News : योग से गूंज उठा गौतम बुद्ध नगर, हजारों लोगों ने एक साथ किया प्राणायाम; मंत्री, विधायक, एमएलसी और अधिकारियों ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश, 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दिखी अद्भुत एकजुटता, “YOGA FOR HEALTHY AGEING” थीम के साथ शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम और नोएडा इंडोर स्टेडियम में उमड़ा जनसैलाब, योगमय हुआ पूरा जनपद
राज्य मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने किया शुभारंभ, गुब्बारे छोड़कर दिया स्वास्थ्य का संदेश, एमएलसी श्रीचंद शर्मा बोले— योग ने दुनिया में बढ़ाया भारत का गौरव, दादरी विधायक तेजपाल नागर ने योग को बताया स्वस्थ जीवन की कुंजी, एलईडी स्क्रीन पर देखा प्रधानमंत्री का संबोधन

गौतमबुद्धनगर, रफ़्तार टूडे। भारत की प्राचीन संस्कृति और विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाने वाली योग परंपरा का भव्य स्वरूप रविवार को गौतम बुद्ध नगर में देखने को मिला। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरा जनपद योगमय वातावरण में रंगा नजर आया। “योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर आधारित इस वर्ष के आयोजन में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर निरोगी जीवन का संदेश दिया। शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम, ग्रेटर नोएडा और सेक्टर-21ए स्थित इंडोर स्टेडियम, नोएडा में आयोजित मुख्य कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से योग बना जन-जन का अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना को आगे बढ़ाते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में योग को केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण का माध्यम बताया गया। दोनों प्रमुख स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ योगासन और प्राणायाम कर अनुशासन, सामूहिकता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।
राज्य मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने किया शुभारंभ, गुब्बारे छोड़कर दिया स्वास्थ्य का संदेश
उत्तर प्रदेश सरकार में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद रंग-बिरंगे गुब्बारे हवा में छोड़कर सामूहिक योगाभ्यास की शुरुआत की गई। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” हर आयु वर्ग के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है तथा बढ़ती उम्र में भी स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
एमएलसी श्रीचंद शर्मा बोले— योग ने दुनिया में बढ़ाया भारत का गौरव
विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज दुनिया के लगभग सभी देशों में योग को अपनाया जा रहा है और यह भारत की सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की एक वैज्ञानिक प्रक्रिया है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान और सकारात्मक बनाता है।

दादरी विधायक तेजपाल नागर ने योग को बताया स्वस्थ जीवन की कुंजी
दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर ने कहा कि योग बढ़ती उम्र में स्वस्थ और आत्मनिर्भर बने रहने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकाले तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि आधुनिक जीवनशैली और तनाव के दौर में योग मानसिक शांति और बेहतर स्वास्थ्य का सबसे सरल उपाय है।
एलईडी स्क्रीन पर देखा प्रधानमंत्री का संबोधन
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और उनके प्रेरणादायी संदेश को सुना। इसके बाद योगाचार्यों के निर्देशन में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया गया।
योगाचार्यों ने कराया सामूहिक योगाभ्यास
योगाचार्य योगी अनुराग और आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक कुलभूषण धर दुबे ने प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, प्राणायाम और ध्यान सहित कई योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योग करने से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच भी विकसित होती है।
पूरे जिले में हुआ योग का महापर्व
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केवल मुख्य कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि जनपद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, औद्योगिक इकाइयों, पार्कों और कॉर्पोरेट संस्थानों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। जगह-जगह योग शिक्षकों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
स्वस्थ, जागरूक और योगमय समाज का संदेश
कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने राज्य मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। पूरे जनपद में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने की जीवनशैली है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
कार्यक्रम में एमएलसी नरेंद्र भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, जिला महामंत्री ओमवीर अवाना और अमित त्यागी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी योगाभ्यास किया। इस दौरान नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव समाज कल्याण विभाग अनुराग यादव, जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह, एडीएम न्यायिक प्रियंका सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी परवेज अली समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।



