Noida Authority News : उत्तर प्रदेश–जापान साझेदारी को नई रफ्तार, यामानाशी प्रांत का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल नोएडा पहुंचा, अगस्त में 200 जापानी कंपनियों के साथ प्रस्तावित है बड़ी निवेश बैठक

नोएडा, रफ़्तार टूडे। उत्तर प्रदेश में निवेश, व्यवसायिक अवसरों के विस्तार तथा सांस्कृतिक, शैक्षिक और पर्यटन क्षेत्रों में आपसी सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 30 जनवरी 2026 को जापान के यामानाशी प्रांत का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल नोएडा पहुंचा। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व यामानाशी प्रांत के उप-राज्यपाल श्री जुनिची इशिहारा कर रहे थे।
8 सदस्यीय इस जापानी प्रतिनिधिमंडल ने इंदिरा गांधी कला केंद्र, सेक्टर-6, नोएडा का भ्रमण किया। दौरे का उद्देश्य उत्तर प्रदेश और जापान के बीच दीर्घकालिक साझेदारी को मजबूती देना तथा निवेश और विकास की संभावनाओं को जमीनी स्तर पर समझना रहा।
इस अवसर पर जापानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक और संवाद के दौरान औद्योगिक निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, स्मार्ट सिटी मॉडल, शिक्षा, कौशल विकास और पर्यटन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही आधारभूत संरचना, औद्योगिक क्षेत्रों, सड़क नेटवर्क और भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी जापानी प्रतिनिधिमंडल के समक्ष रखी। विजय रावल ने बताया कि नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करता है।
प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी गई कि यामानाशी प्रांत की कई प्रतिष्ठित जापानी कंपनियां और संगठन उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर रुचि दिखा रहे हैं। इसी क्रम में अगस्त माह में लगभग 200 जापानी कंपनियों और संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक आधिकारिक उच्चस्तरीय बैठक प्रस्तावित की गई है। इस बैठक में उत्तर प्रदेश की प्रमुख कंपनियां, निवेशक, वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति भाग लेंगे।
उप-राज्यपाल श्री जुनिची इशिहारा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं और यहां का तेजी से विकसित हो रहा इंफ्रास्ट्रक्चर जापानी कंपनियों के लिए आकर्षक है। उन्होंने भरोसा जताया कि दोनों पक्षों के बीच सहयोग से रोजगार, तकनीक और आर्थिक विकास के नए अवसर सृजित होंगे।
नोएडा प्राधिकरण की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि अगस्त माह में प्रस्तावित बैठक को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। प्राधिकरण ने जापानी प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि निवेश से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बैठक में नोएडा प्राधिकरण के डिप्टी जनरल मैनेजर (सिविल) विजय रावल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
यह दौरा उत्तर प्रदेश और जापान के बीच बढ़ते रणनीतिक और आर्थिक संबंधों की दिशा में एक अहम कड़ी माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय निवेश का बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।



