अथॉरिटीजेवरजेवर एयरपोर्टटॉप न्यूजताजातरीनयमुना सिटी

YEIDA News : "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को यमुना प्राधिकरण ने दी नई उड़ान, एक दिन में 77 हजार से अधिक पौधे रोपे, बच्चों को भी दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, 35 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य में YEIDA की महत्वपूर्ण भागीदारी

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित वृक्षारोपण अभियान-2026 के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस वर्ष अभियान की थीम “एक पेड़ माँ के नाम” रखी गई है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृत्व के सम्मान का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाना है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पूरे उत्तर प्रदेश में एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य को सफल बनाने के लिए यमुना प्राधिकरण ने भी बड़े स्तर पर अभियान चलाया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उद्यान विभाग द्वारा प्राधिकरण क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Raftar Today banner 1 7
Advertisement

कार्यक्रम के दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया एवं राजेश कुमार ने सेक्टर-22 स्थित 50 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट में पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (परियोजना) राजेंद्र सिंह भाटी, सहायक निदेशक (उद्यान) डॉ. आरती सिंह सहित प्राधिकरण के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया।

IMG 20260712 WA0024 converted
यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश सिंह ने दी नई उड़ान, सीईओ पौधारोपण करते हुए

अभियान की विशेष बात यह रही कि रोनिजा गांव के स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण में भाग लिया। बच्चों को वृक्षों का महत्व, पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका तथा जलवायु संतुलन बनाए रखने में पेड़ों के योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान प्रत्येक बच्चे को एक-एक पौधा भी वितरित किया गया और उन्हें पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।

यमुना प्राधिकरण ने अभियान के तहत क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगभग 77,007 पौधों का रोपण किया। इनमें नीम, पीपल, बरगद, अर्जुन, पिलखन सहित कई देशी एवं पर्यावरण के अनुकूल प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। इन पौधों के माध्यम से क्षेत्र की हरित पट्टी को मजबूत करने और जैव विविधता को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।

प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें विकसित किया जाए। इसी उद्देश्य से पौधों के संरक्षण और रखरखाव की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। यमुना प्राधिकरण का यह अभियान न केवल हरित क्षेत्र बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का भी प्रभावी प्रयास माना जा रहा है।

रफ़्तार टूडे की न्यूज

Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button