Greater Noida News : क़ानून के मंदिर में एक नई शुरुआत, गौतमबुद्ध नगर बार एसोसिएशन की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी ने ली शपथ, न्याय, निष्ठा और संघर्ष का लिया संकल्प, न्यायपालिका और प्रशासन की गरिमामयी उपस्थिति

गौतमबुद्ध नगर, रफ़्तार टूडे। क़ानून, संविधान और न्याय की रक्षा का संकल्प लिए शुक्रवार को गौतमबुद्ध नगर की दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन ने एक नई ऐतिहासिक शुरुआत की। 17 जनवरी 2026 को दोपहर 12:30 बजे बार सभागार में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में नव-निर्वाचित कार्यकारिणी ने विधिवत रूप से पद और गोपनीयता की शपथ ली। पूरा सभागार अधिवक्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति, तालियों की गूंज और न्याय के प्रति समर्पण की भावना से गूंज उठा।
इस अवसर पर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मनोज भाटी (बोडाकी) ने संभाली, जबकि सचिव पद पर शोभाराम चंदील ने शपथ लेकर संगठनात्मक दायित्व ग्रहण किया। नव-निर्वाचित कार्यकारिणी को वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व जिला शासकीय अधिवक्ता श्री देवी शरण शर्मा ने शपथ दिलाई। यह क्षण न केवल एक औपचारिक प्रक्रिया था, बल्कि अधिवक्ता समाज के विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक भी बना।
न्यायपालिका और प्रशासन की गरिमामयी उपस्थिति
शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि रहे माननीय न्यायमूर्ति श्री अजित कुमार, उच्च न्यायालय इलाहाबाद (प्रशासनिक न्यायाधीश, गौतमबुद्ध नगर)। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय अतुल श्रीवास्तव (जनपद न्यायाधीश), माननीय रविन्द्र नाथ दुबे (पीठासीन अधिकारी, कॉमर्शियल कोर्ट), माननीय वत्सल श्रीवास्तव (पीठासीन अधिकारी, एमपी/एमएलए कोर्ट) तथा श्री अजय कुमार (आईपीएस, अपर पुलिस आयुक्त, गौतमबुद्ध नगर) मौजूद रहे।
न्यायिक अधिकारियों और प्रशासनिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने इस समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की और यह संदेश दिया कि बार और बेंच का संबंध केवल औपचारिक नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था की रीढ़ है।
न्याय, नैतिकता और पारदर्शिता का संदेश
मुख्य अतिथि माननीय न्यायमूर्ति श्री अजित कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्होंने नव-निर्वाचित कार्यकारिणी से अपेक्षा जताई कि वे अधिवक्ताओं के हितों के साथ-साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने के लिए सतत प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा, “बार की मजबूती ही बेंच की ताकत होती है। जब अधिवक्ता संगठित, ईमानदार और प्रतिबद्ध होते हैं, तभी न्याय व्यवस्था सशक्त बनती है।”
वरिष्ठ अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी
समारोह में पूर्व अध्यक्ष नगर्सेन चंदील, सतीश कुमार, रामशरण नागर, राजेन्द्र नागर, विजय सिंह चौधरी, संजय सिंह भाटी, विपिन कुमार भाटी, राजकुमार नागर, जगत पाल भाटी, पूर्व सचिव सुनील राव, डॉ. देव भाटी, अरुण चंदील, प्रमोद सुनपुरा, सरदार बंसल, देवेन्द्र राहुल चौधरी, ललित शर्मा, ऋषि टाइगर, नीरज तंवर, धीरेंद्र भाटी साकीपुर सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे।
इसके अलावा महिला अधिवक्ताओं की भी सशक्त उपस्थिति रही, जिनमें ममता चौधरी, साक्षी मित्तल, राखी तोमर, पूजा दुबे, पूजा पाल, पूजा सदरपुर, चित्रा, सरिता सहित कई नाम शामिल रहे। यह सहभागिता बार एसोसिएशन में समावेशिता और एकजुटता का प्रमाण बनी।
नई कार्यकारिणी का संकल्प
नव-निर्वाचित अध्यक्ष मनोज भाटी और सचिव शोभाराम चंदील ने संयुक्त रूप से कहा कि उनकी प्राथमिकता अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान, न्यायालय परिसर की सुविधाओं में सुधार, युवा अधिवक्ताओं का मार्गदर्शन और बार की गरिमा को और ऊंचा उठाना रहेगा। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से सहयोग और विश्वास बनाए रखने की अपील की।
एकजुटता की मिसाल बना समारोह
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ यह समारोह न केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया रहा, बल्कि अधिवक्ता समाज की एकता, प्रतिबद्धता और भविष्य की दिशा तय करने वाला मंच भी बना।
गौतमबुद्ध नगर बार एसोसिएशन का यह शपथ ग्रहण समारोह न्याय के क्षेत्र में एक नई ऊर्जा, नई सोच और नए संकल्प के रूप में याद किया जाएगा।



