YEIDA Authority News : जेवर एयरपोर्ट की उड़ान से पहले YEIDA का बड़ा दांव!, 8 दिग्गज कंपनियों को मिली ज़मीन, ₹3,181 करोड़ का निवेश और 18 हजार से अधिक युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा रास्ता खुला, जेवर एयरपोर्ट के साथ बदलेगी पूरे क्षेत्र की तस्वीर, ऑटोमोबाइल से इलेक्ट्रॉनिक्स तक, कई सेक्टरों में होगा बड़ा निवेश

ग्रेटर नोएडा/जेवर, रफ़्तार टुडे। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने औद्योगिक विकास की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए निवेशकों के लिए बड़ा संदेश दिया है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के आसपास तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक कॉरिडोर को नई रफ्तार देते हुए प्राधिकरण ने 8 प्रमुख औद्योगिक कंपनियों को लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) सौंप दिए हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से करीब ₹3,181.20 करोड़ का निवेश होगा और 18,126 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। यह फैसला न केवल यमुना प्राधिकरण क्षेत्र बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक भविष्य के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है।
यमुना प्राधिकरण के सभा कक्ष में आयोजित समारोह में मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) राकेश कुमार सिंह ने निवेशकों को औद्योगिक भूमि आवंटन के लिए औपचारिक रूप से लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) प्रदान किए। इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं निवेश प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी और निवेशक कंपनियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान निवेशकों ने भी क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने को लेकर उत्साह व्यक्त किया।
जेवर एयरपोर्ट बना निवेश का सबसे बड़ा आकर्षण
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के साथ ही यमुना प्राधिकरण क्षेत्र देश के सबसे बड़े औद्योगिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में उभर रहा है। बेहतर सड़क नेटवर्क, यमुना एक्सप्रेसवे, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी और एयर कार्गो सुविधाओं के कारण देश-विदेश की बड़ी कंपनियां लगातार यहां निवेश करने के लिए आगे आ रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र उत्तर भारत का सबसे बड़ा मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट सेंटर बन सकता है।
ऑटोमोबाइल से इलेक्ट्रॉनिक्स तक, कई सेक्टरों में होगा बड़ा निवेश
YEIDA द्वारा जारी सूची के अनुसार सबसे बड़ा निवेश Samvardhana Motherson International Limited करेगा। कंपनी सेक्टर-8D में 50 एकड़ भूमि पर ₹1,156 करोड़ का निवेश कर ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स निर्माण इकाई स्थापित करेगी, जिससे लगभग 8,000 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे।
Balar Marketing Pvt. Ltd. को 8 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी ₹300 करोड़ के निवेश से इंटीग्रेटेड स्मार्ट इलेक्ट्रिकल मैन्युफैक्चरिंग, अनुसंधान एवं निर्यातोन्मुख इकाई स्थापित करेगी, जिससे लगभग 1,500 लोगों को रोजगार मिलेगा। Triveni Almirah Pvt. Ltd. को 10 एकड़ भूमि आवंटित हुई है। यह कंपनी ₹375 करोड़ का निवेश कर स्टील अलमारी और स्टील फर्नीचर निर्माण इकाई लगाएगी, जिससे करीब 458 रोजगार सृजित होंगे।
हेल्थकेयर, फूड प्रोसेसिंग और कॉस्मेटिक्स सेक्टर को भी मिलेगी नई ताकत
Anondita Healthcare को 8 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी ₹500 करोड़ का निवेश कर मेडिकल एवं हेल्थकेयर ग्लव्स निर्माण इकाई स्थापित करेगी, जिससे लगभग 750 लोगों को रोजगार मिलेगा। Crispy City Foods Pvt. Ltd. चार एकड़ भूमि पर ₹122 करोड़ के निवेश से फूड प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग यूनिट स्थापित करेगी। इस परियोजना से लगभग 4,000 प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।
A G Organica Pvt. Ltd. तीन एकड़ भूमि पर ₹259.90 करोड़ का निवेश कर परफ्यूम, कॉस्मेटिक्स और पर्सनल केयर उत्पादों का निर्माण करेगी। इस इकाई से करीब 1,118 रोजगार सृजित होंगे।
इलेक्ट्रॉनिक्स और पीसीबी निर्माण को मिलेगा बढ़ावा
Innovex Products LLP तीन एकड़ भूमि पर ₹140 करोड़ का निवेश कर फूड प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग यूनिट लगाएगी, जिससे लगभग 2,000 रोजगार मिलेंगे।
वहीं Apaar Infratech Private Limited को 2.5 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी ₹29.30 करोड़ के निवेश से प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) एवं इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स निर्माण इकाई स्थापित करेगी, जिससे करीब 300 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे।
युवाओं के लिए खुलेगा रोजगार का नया द्वार
इन सभी परियोजनाओं के शुरू होने के बाद स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलने की संभावना है। ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, हेल्थकेयर, फूड प्रोसेसिंग, कॉस्मेटिक्स और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों प्रकार की नौकरियां उपलब्ध होंगी। इससे गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा और आसपास के जिलों के हजारों युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार मिलने का अवसर मिलेगा।
निवेशकों के लिए उद्योग-अनुकूल माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध है YEIDA
मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि यमुना प्राधिकरण प्रदेश में निवेशकों को पारदर्शी, त्वरित और उद्योग-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा और उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी विनिर्माण एवं निवेश केंद्र बनाने के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्राधिकरण निवेशकों की सभी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर रहा है, ताकि उद्योग तेजी से स्थापित हों और उत्पादन जल्द शुरू हो सके।
जेवर एयरपोर्ट के साथ बदलेगी पूरे क्षेत्र की तस्वीर
विशेषज्ञों का मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन के बाद यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में निवेश की रफ्तार और तेज होगी। एयर कार्गो, एक्सपोर्ट, लॉजिस्टिक्स और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को इसका सीधा लाभ मिलेगा। यही कारण है कि देश की बड़ी कंपनियां अब इस क्षेत्र को भविष्य के सबसे बड़े औद्योगिक केंद्र के रूप में देख रही हैं।



