UPITS 2025 PM Modi Inauguration : उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े मेले UPITS-2025 का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया भव्य उद्घाटन, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच पर मौजूद रहे, प्रधानमंत्री मोदी ने कई भारतीय और विदेशी व्यापारियों से मुलाकात की, पढ़ें लाइव अपडेट

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे। उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा और भव्य मेला UPITS – 2025 आज से शुरू हो गया है। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित इस मेगा ट्रेड शो का उद्घाटन स्वयं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच पर मौजूद रहे। यह मेला 29 सितम्बर 2025 तक चलेगा और व्यापार, निवेश तथा उद्योग की नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त करेगा।
उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा मेला UPITS-2025 आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में शुरू हो गया। इस मेले से न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे भारत की व्यापारिक और औद्योगिक छवि को वैश्विक मंच मिलेगा।
लाइव अपडेट्स – पल–पल की खबर आपके लिए
सुबह 9:35 बजे – पीएम मोदी का ग्रेटर नोएडा आगमन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष विमान से दिल्ली पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग द्वारा ग्रेटर नोएडा एक्सपोमार्ट पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
सुबह 9:45 बजे – भव्य स्वागत और मंचारोहण
प्रधानमंत्री मोदी के एक्सपोमार्ट पहुंचने पर पारंपरिक वाद्ययंत्रों और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया गया। मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा कई केंद्रीय और राज्य स्तरीय मंत्री भी उपस्थित रहे।
सुबह 10:00 बजे – औपचारिक उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीप प्रज्वलित कर और रिबन काटकर UPITS 2025 का औपचारिक उद्घाटन किया। इस दौरान पूरे हॉल में तालियों की गड़गड़ाहट गूँज उठी।
सुबह 10:15 बजे – मेले का निरीक्षण
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य गणमान्य नेताओं ने पूरे प्रदर्शनी परिसर का भ्रमण किया। पीएम मोदी ने अलग-अलग राज्यों और जिलों के ODOP स्टॉल्स, हस्तशिल्प, आईटी सेक्टर, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े पवेलियनों का निरीक्षण किया।

सुबह 10:20 बजे – व्यापारियों से संवाद
प्रधानमंत्री मोदी ने कई भारतीय और विदेशी व्यापारियों से मुलाकात की और उनके उत्पादों व योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्टार्टअप्स की सराहना की और कहा कि “यूपी अब व्यापार और निवेश का नया हब बन चुका है।”
दोपहर 10:30 बजे – जनसभा को संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन अवसर पर जनता और उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए कहा “उत्तर प्रदेश केवल परंपरा और संस्कृति का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह अब नए भारत की औद्योगिक शक्ति के रूप में उभर रहा है। UPITS-2025 हमारे आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया के सपनों को साकार करने का बड़ा मंच बनेगा।”
कौन-कौन रहे मौजूद
उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नेता, अधिकारी और उद्योगपति मौजूद रहे। इनमें प्रमुख नाम शामिल हैं। यूपी के कैबिनेट मनिस्टर नंद गोपाल नंदी, MSME के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, सेक्रेटरी प्रांचल यादव, कमिश्नर लक्ष्मी सिंह, DM मेधा रूपम रहे मौजूद।
डॉ. महेश शर्मा (सांसद, गौतमबुद्ध नगर)
राज्यसभा सांसद और भाजपा राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र नगर
पंकज सिंह (विधायक, नोएडा)
तेजपाल सिंह नागर (विधायक, दादरी)
धीरेन्द्र सिंह (विधायक, जेवर)
साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मंच पर मौजूद रहे।
UPITS 2025 : एक नज़र में
अवधि: 25 से 29 सितम्बर 2025
स्थान: इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा
प्रतिभागी: 2400+ प्रदर्शक, 80+ देश
विशेष आकर्षण: ODOP उत्पाद, MSME सेक्टर, डिजिटल टेक्नोलॉजी, एयरोस्पेस और ग्रीन हाइड्रोजन पर विशेष पवेलियन



