अथॉरिटीजेवरजेवर एयरपोर्टटॉप न्यूजताजातरीन

YEIDA Plot News : "किसकी खुलेगी किस्मत की तिजोरी, किसके नाम होगा सपनों का आशियाना?, YEIDA के मेगा ड्रा का कल महा-मुकाबला, 973 प्लॉट के लिए 1.10 लाख से ज्यादा दावेदार, दूरदर्शन से लेकर यूट्यूब तक LIVE देखेगा पूरा देश", पारदर्शिता के लिए विशेष इंतजाम, रिटायर्ड जज भी करेंगे निगरानी, 200 वर्गमीटर के प्लॉट के लिए सबसे ज्यादा मारामारी, एयरपोर्ट शुरु होने के बाद यह पहला ड्रा

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की बहुचर्चित आवासीय भूखंड योजना RPS-10/2026 का इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। बुधवार 18 जून को वह दिन आ गया है, जिसका इंतजार पिछले कई महीनों से देशभर के लाखों लोग कर रहे थे। हजारों परिवारों के अपने घर के सपने और निवेशकों की उम्मीदें अब इस ड्रा पर टिकी हुई हैं। 973 आवासीय भूखंडों के लिए रिकॉर्ड 1,10,034 आवेदन प्राप्त होने के बाद यह योजना देश की सबसे चर्चित आवासीय योजनाओं में शामिल हो गई है।
यमुना प्राधिकरण की इस योजना का ड्रा बुधवार सुबह 10 बजे इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण फेसबुक, यूट्यूब, दूरदर्शन उत्तर प्रदेश और अन्य इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा, ताकि आवेदक घर बैठे ही अपनी किस्मत का फैसला देख सकें।

एक लाख से ज्यादा लोगों की धड़कनें बढ़ीं, हर किसी को अपने नाम की उम्मीद
इस योजना ने जिस तरह लोगों का ध्यान आकर्षित किया है, उससे साफ है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यमुना सिटी के विकास ने निवेशकों और आम लोगों के बीच जबरदस्त विश्वास पैदा किया है। हर आवेदक के मन में यही सवाल है कि क्या इस बार उसकी किस्मत चमकेगी और क्या उसे यमुना सिटी में अपने सपनों का प्लॉट मिलेगा।
रिकॉर्ड आवेदन इस बात का संकेत हैं कि यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र आने वाले वर्षों में देश के सबसे बड़े शहरी और आर्थिक केंद्रों में शामिल होने जा रहा है। एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क, लॉजिस्टिक्स हब और औद्योगिक परियोजनाओं के कारण इस क्षेत्र की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है।

पारदर्शिता के लिए विशेष इंतजाम, रिटायर्ड जज भी करेंगे निगरानी
यमुना प्राधिकरण ने ड्रा प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। ड्रा मैनुअल पर्ची प्रणाली के माध्यम से कराया जाएगा। पूरी प्रक्रिया आवंटन समिति और तीन पर्यवेक्षकों की निगरानी में संपन्न होगी। इन पर्यवेक्षकों में एक सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश भी शामिल होंगे। इसके अलावा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई जाएगी, ताकि किसी प्रकार की शंका की कोई गुंजाइश न रहे।
प्राधिकरण पहले ही 15 जून को पात्र और अपात्र आवेदकों की सूची अपनी वेबसाइट पर जारी कर चुका है, जिससे आवेदकों को पूरी पारदर्शिता के साथ जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।

200 वर्गमीटर के प्लॉट के लिए सबसे ज्यादा मारामारी
इस योजना में सबसे अधिक मांग 200 वर्गमीटर श्रेणी के प्लॉटों की देखने को मिली। इस श्रेणी के 481 प्लॉटों के लिए कुल 57,620 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
वहीं 162 वर्गमीटर श्रेणी के 476 प्लॉटों के लिए 48,920 लोगों ने आवेदन किया है। इसके अलावा अन्य श्रेणियों में भी लोगों का उत्साह देखने को मिला।
183 वर्गमीटर के 4 प्लॉटों के लिए 566 आवेदन।
184 वर्गमीटर के 4 प्लॉटों के लिए 539 आवेदन।
223 वर्गमीटर के 6 प्लॉटों के लिए 1,528 आवेदन।
290 वर्गमीटर के 2 प्लॉटों के लिए 861 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

नोएडा एयरपोर्ट ने बढ़ाई यमुना सिटी की चमक
विशेषज्ञों का मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तेजी से आकार लेने के बाद यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की जमीनों की मांग में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। देश-विदेश के निवेशकों की नजरें इस क्षेत्र पर टिकी हुई हैं।
यही कारण है कि प्राधिकरण की प्रत्येक योजना में रिकॉर्ड आवेदन देखने को मिल रहे हैं। आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र रोजगार, उद्योग, शिक्षा और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है।

घर बैठे देख सकेंगे किस्मत का फैसला
यमुना प्राधिकरण ने आवेदकों की सुविधा के लिए लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की है। फेसबुक, यूट्यूब, दूरदर्शन उत्तर प्रदेश और विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोग ड्रा की पूरी प्रक्रिया लाइव देख सकेंगे। इससे देश के अलग-अलग राज्यों में रहने वाले आवेदकों को भी मौके पर पहुंचने की जरूरत नहीं होगी। अब बुधवार की सुबह लाखों लोगों के लिए बेहद खास साबित होने वाली है। किसी का वर्षों पुराना सपना पूरा होगा, तो किसी को अगली योजना का इंतजार करना पड़ेगा। लेकिन इतना तय है कि यमुना सिटी के बढ़ते महत्व ने इस योजना को देश की सबसे चर्चित और आकर्षक आवासीय योजनाओं में शामिल कर दिया है।

रफ़्तार टूडे की न्यूज

Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Back to top button