Noida FONRWA News : “चुनाव भी हुए… और जीत भी बिना मतदान!”, फोनरवा इतिहास में पहली बार निर्विरोध चुनी गई 21 सदस्यीय पूरी टीम, योगेंद्र शर्मा–के.के. जैन की चौथी जीत ने रचा नया रिकॉर्ड, पहली बार बने निर्विरोध अध्यक्ष

नोएडा, रफ़्तार टुडे। नोएडा की सबसे प्रभावशाली और संगठित नागरिक संस्था फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) के 2026–28 कार्यकाल के चुनाव परिणाम आज औपचारिक रूप से घोषित कर दिए गए। खास बात यह रही कि फोनरवा के 25 वर्षों के इतिहास में पहली बार चुनावी प्रक्रिया के तहत पूरी 21 सदस्यीय कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित हुई। यह घोषणा चुनाव अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त) शशि वेद के नेतृत्व में सभी चुनाव अधिकारियों की उपस्थिति में की गई।
चुनाव परिणामों के अनुसार अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा और महासचिव के.के. जैन के नेतृत्व वाले पैनल के सभी उम्मीदवारों को बिना किसी मुकाबले के विजयी घोषित किया गया। यह परिणाम न केवल संगठन की आंतरिक मजबूती को दर्शाता है, बल्कि यह भी साबित करता है कि बीते कार्यकाल में टीम ने जो काम किए, उन्होंने विपक्ष को चुनाव मैदान में उतरने से पहले ही सोचने पर मजबूर कर दिया।
फोनरवा के इतिहास में दर्ज हुआ स्वर्णिम अध्याय
महासचिव के.के. जैन ने चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि “फोनरवा के 25 साल के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब 21 सदस्यों की पूरी टीम निर्विरोध चुनी गई है। यह हमारे लिए गर्व का विषय है और यह उपलब्धि केवल संगठनात्मक मजबूती नहीं, बल्कि पिछले दो वर्षों के ठोस कार्यों का प्रमाण है।”
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बीते कार्यकाल में किए गए जनहितकारी कार्यों और प्रशासनिक संवाद की वजह से विपक्ष हार के भय से चुनाव लड़ने का साहस ही नहीं जुटा सका। यही कारण रहा कि किसी भी पद पर नामांकन के मुकाबले की स्थिति नहीं बनी।
चौथी बार अध्यक्ष और महासचिव की कुर्सी संभालेंगे योगेंद्र शर्मा और के.के. जैन
इस चुनाव के साथ ही योगेंद्र शर्मा और के.के. जैन लगातार चौथी बार अध्यक्ष और महासचिव के रूप में निर्वाचित हुए हैं। दोनों नेताओं ने इसे व्यक्तिगत जीत न मानते हुए नोएडा के लाखों निवासियों, आरडब्ल्यूए सदस्यों और प्रशासनिक सहयोग की जीत बताया।
अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने कहा कि “यह जीत अनुभवी टीमवर्क, आरडब्ल्यूए सदस्यों के भरोसे, और नोएडा अथॉरिटी, जिला प्रशासन, पुलिस, यूपीसीएल सहित सभी विभागों के सकारात्मक सहयोग का परिणाम है।”
दो वर्षों में प्रशासन से संवाद बना समाधान का माध्यम
बीते दो साल के कार्यकाल में फोनरवा कार्यकारिणी ने नोएडा की नागरिक समस्याओं को प्राथमिकता पर रखते हुए नोएडा अथॉरिटी के सीईओ, एसीईओ और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कीं। इन बैठकों का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज कराना नहीं, बल्कि स्थायी समाधान निकालना रहा।
आरडब्ल्यूए और नागरिकों से जुड़ी समस्याओं—पानी, बिजली, सीवर, निर्माण, सुरक्षा और सफाई—को लेकर नियमित फॉलो-अप किया गया, जिससे कई वर्षों से लंबित मुद्दों को गति मिली।
पानी की समस्या पर बड़ा सुधार: रेनिवेल और ट्यूबवेल बने राहत की धारा
नोएडा में पानी की गुणवत्ता और मात्रा लंबे समय से एक गंभीर मुद्दा रहा है। फोनरवा ने इस दिशा में लगातार दबाव और समन्वय के जरिए ठोस परिणाम हासिल किए।
8 रेनिवेल पूरी तरह चालू किए गए
ये रेनिवेल अब सीधे जनता को जल आपूर्ति कर रहे हैं
शहर भर में निष्क्रिय ट्यूबवेल को दोबारा सक्रिय करने की प्रक्रिया शुरू। इन प्रयासों से कई सेक्टरों में पानी की आपूर्ति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
अवैध निर्माण पर सख्ती, लेकिन समाधान के साथ
नोएडा अथॉरिटी द्वारा विकसित फ्लैटों और इमारतों में अनधिकृत निर्माण के मामलों पर भी फोनरवा ने अहम भूमिका निभाई। अब तक— धारा 10 के तहत 1000 से अधिक नोटिस जारी
फोनरवा द्वारा विशेष समिति गठन का प्रस्ताव
अनुमेय निर्माणों को उचित जुर्माने के साथ नियमित करने की पहल
इसके साथ ही म्यूटेशन और लोन मामलों में धारा 10 की शर्त हटाए जाने से हजारों निवासियों को बड़ी राहत मिली।

सीवर और सफाई व्यवस्था पर ठोस कार्रवाई
नोएडा के कई सेक्टरों में वर्षों पुरानी सीवर लाइनों की स्थिति चिंताजनक थी। फोनरवा के हस्तक्षेप से—
पुरानी व क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों की पहचान
उनकी सफाई और बदलने के निर्देश जारी
जलभराव और बदबू की समस्याओं में कमी
यह कदम शहरी स्वास्थ्य और स्वच्छता की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ।
हरियाली और सुरक्षा: पेड़ों की छंटाई के लिए नई मशीनें
बरसात और आंधी के मौसम में पेड़ों की गिरावट और बिजली बाधित होने की घटनाओं को देखते हुए—
10 नई मशीनें खरीदने के निर्देश
पेड़ों की छंटाई और कटाई की प्रक्रिया तेज
नागरिकों और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित
बिजली व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार
फोनरवा ने ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा, यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक, मुख्य अभियंता और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कीं।
परिणामस्वरूप—
नोएडा में बिजली आपूर्ति में बड़ा सुधार
गर्मियों के लिए निर्बाध बिजली की योजना
कई नई बिजली परियोजनाएं शुरू
पुलिस–आरडब्ल्यूए समन्वय से सुरक्षा में सुधार
पुलिस आयुक्त, एसीपी और डीसीपी के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठकों के बाद—
सभी सेक्टरों में पुलिस–आरडब्ल्यूए बैठकें नियमित
कानून व्यवस्था में सुधार
अपराध और साइबर फ्रॉड जागरूकता में बढ़ोतरी
छोटे अपराधों में उल्लेखनीय कमी
“नागरिक कल्याण ही हमारा एजेंडा” – फोनरवा नेतृत्व
अंत में अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा और महासचिव के.के. जैन ने संयुक्त रूप से कहा—
“हमारी टीम आरडब्ल्यूए और नागरिक समस्याओं के समाधान, सामुदायिक कल्याण और नोएडा के सभी निवासियों के लिए बेहतर जीवन स्तर सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हमें विश्वास है कि नई कार्यकारिणी अपने सभी उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा करेगी।”



