
नोएडा, रफ़्तार टूडे।।नोएडा को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत शहरी विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी शहरों की श्रेणी में बनाए रखने के संकल्प के साथ नोएडा प्राधिकरण और HCL फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत एक भव्य और प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कृष्णा करुणेश के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल स्वच्छता के आंकड़े गिनाना नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी, व्यवहार परिवर्तन और सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा। आयोजन में प्रशासन, कॉरपोरेट सेक्टर, शैक्षणिक संस्थानों, विशेषज्ञों और विद्यार्थियों की प्रभावी भागीदारी देखने को मिली।
तकनीक से सजी स्वच्छता की नई तस्वीर
कार्यक्रम के दौरान The Bhangarh Dynasty Group द्वारा विकसित अत्याधुनिक कचरा संग्रहण एवं प्रसंस्करण वाहन की विशेष प्रस्तुति दी गई। इस आधुनिक ट्रक के माध्यम से यह बताया गया कि किस प्रकार तकनीक के प्रयोग से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को अधिक प्रभावी, तेज़ और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर HCL फाउंडेशन की निदेशक (Director) सुश्री माया शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही यह एक स्थायी आंदोलन बन सकती है। उन्होंने बताया कि HCL फाउंडेशन शिक्षा, पर्यावरण और सामुदायिक विकास के माध्यम से देशभर में स्वच्छ भारत मिशन को मजबूती देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
नोएडा की स्वच्छता यात्रा: संघर्ष से सफलता तक
कार्यक्रम में नोएडा की स्वच्छता यात्रा को आंकड़ों और तथ्यों के साथ प्रस्तुत किया गया। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2018 में स्वच्छता सर्वेक्षण में नोएडा की रैंक 324 थी, लेकिन योजनाबद्ध कार्यप्रणाली, जनसहयोग और निरंतर निगरानी के चलते 2019 में यह रैंक सुधरकर 150 पर पहुंच गई। इसके बाद नोएडा ने एक के बाद एक उपलब्धियां हासिल कीं—
Garbage Free City श्रेणी में 3 स्टार रेटिंग
Open Defecation Free Plus Plus (ODF++) का दर्जा
वर्ष 2020 और 2021 में 4 स्टार और 5 स्टार Garbage Free City
वर्ष 2022 में देश का Best Sustainable City पुरस्कार
वर्ष 2023 में Waste Water Reuse और 5 Star Garbage Free City की मान्यता
वर्ष 2024 में महामहिम राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार
इन उपलब्धियों ने नोएडा को उत्तर प्रदेश का पहला और देश के अग्रणी स्वच्छ शहरों में शामिल कर दिया है।
संस्कृति और स्वच्छता का जीवंत संगम
कार्यक्रम में स्वच्छता के संदेश को सांस्कृतिक मंच के माध्यम से भी प्रस्तुत किया गया। होली पब्लिक स्कूल (Holy Public School) के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक, गीत और नृत्य ने स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रभावशाली ढंग से जनमानस तक पहुंचाया।
इसके साथ ही आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन द्वारा योग और ध्यान से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनका उद्देश्य मानसिक स्वच्छता और सामाजिक संतुलन को बढ़ावा देना रहा।
विशेषज्ञों ने बताए ठोस समाधान
कार्यक्रम में सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एजुकेशन (Centre for Environment Education – CEE) के सीनियर प्रोग्राम डायरेक्टर श्री प्रशांत सिंह ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्रोत पर कचरे के पृथक्करण और नागरिक सहभागिता पर विस्तार से जानकारी दी।
वहीं नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (NSUT) के विशेषज्ञों ने शहरी क्षेत्रों में वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन और स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को भविष्य की आवश्यकता बताया।
KPMG Advisory Services Private Limited के टेक्निकल डायरेक्टर ने स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में डेटा आधारित स्वच्छता निगरानी प्रणाली और सतत विकास मॉडल पर अपनी प्रस्तुति दी।
नोएडा प्राधिकरण का स्पष्ट संदेश
कार्यक्रम में उपस्थित नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने दोहराया कि स्वच्छता केवल पुरस्कार या रैंकिंग तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह नागरिकों के स्वास्थ्य, पर्यावरण सुरक्षा और जीवन गुणवत्ता से सीधे जुड़ा हुआ मुद्दा है।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे—
घर पर ही कचरे का पृथक्करण करें
सिंगल यूज़ प्लास्टिक से दूरी बनाएं
स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं
स्वच्छ नोएडा, सशक्त भारत का संकल्प
कार्यक्रम का समापन “स्वच्छ नोएडा–हरित नोएडा” के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। सभी प्रतिभागियों ने यह शपथ ली कि वे स्वयं स्वच्छता अपनाएंगे और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाएंगे।
यह आयोजन इस बात का प्रमाण बना कि जब प्रशासन, कॉरपोरेट जगत और आम नागरिक एक साथ आते हैं, तो स्वच्छता एक अभियान नहीं बल्कि जन आंदोलन बन जाती है। इस मौके पर नोएडा अथॉरिटी के ACEO श्रीमति वंदना त्रिपाठी, श्री क्रांति शिखर सिंह ओएसडी, श्री एस पी सिंह महाप्रबंधक, ए के अरोड़ा महाप्रबंधक, श्री विजय रावल उपमहाप्रबंधक, श्री इंदु प्रकाश सिंह, श्री गौरव बंसल, श्री आर के शर्मा सहित FONRWA अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा, NOFAA, NEA, HCL Foundation से आलोक वर्मा, KPMG से डायरेक्टर श्री हिमांशु मित्तल सहित संकड़ों लोग मौजूद थे।



